,

MP ट्रैवल मार्ट 2025, आज से पर्यटन के नए अध्याय की शुरुआत

Author Picture
Published On: 11 October 2025

MP की राजधानी भोपाल एक बार फिर विश्व पर्यटन मानचित्र पर चमकने जा रही है। शनिवार 11 अक्टूबर की शाम मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मध्यप्रदेश ट्रैवल मार्ट (MPTM) 2025 का भव्य शुभारंभ करेंगे। यह आयोजन कुशाभाऊ ठाकरे अंतर्राष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में तीन दिनों तक चलेगा।

इस अवसर पर केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्य पर्यटन मंत्री धर्मेन्द्र भाव सिंह लोधी करेंगे।

पर्यटन निवेश

शुभारंभ से पहले मुख्यमंत्री डॉ. यादव देश-विदेश से आए विशिष्ट प्रतिनिधियों के साथ वन-ऑन-वन मीटिंग्स करेंगे, जिनमें निवेश और पर्यटन सहयोग के नए अवसरों पर चर्चा होगी। इसी दौरान भारत भवन में पर्यटन विभाग और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) के बीच एक महत्वपूर्ण एमओयू पर हस्ताक्षर होंगे, जिसका उद्देश्य एएसआई संरक्षित स्मारकों के आसपास पर्यटन सुविधाओं और अधोसंरचना को सुदृढ़ बनाना है।

टूर ऑपरेटर

इस आयोजन में फिल्म जगत, टूरिज्म इंडस्ट्री और कॉर्पोरेट सेक्टर की कई बड़ी हस्तियां शिरकत करेंगी। इनमें अभिनेता रघुवीर यादव, IATO के प्रेसिडेंट रवि गोसाईं, हर्षिल टूर एंड ट्रेवल्स के को-फाउंडर प्रवीण शाह, आईएचसीएल के प्रवीण चंदेर कुमार, और क्यूरियस जर्नी की संस्थापक मिशेल इमेलमेन प्रमुख हैं।

27 देशों के 100 विदेशी टूर ऑपरेटरों, 150 घरेलू प्रतिनिधियों, 355 सेलर्स और फिल्म इंडस्ट्री के विशेषज्ञों समेत करीब 700 प्रतिभागी इस अंतर्राष्ट्रीय मार्ट में हिस्सा लेंगे।

एमओयू, निवेश

मुख्यमंत्री इस मौके पर रायसेन जिले में गोल्फ कोर्स और खंडवा में वेलनेस रिसॉर्ट निर्माण के लिए निवेशक विनायक कालानी को लेटर ऑफ अवॉर्ड (LOA) सौंपेंगे। इसके अलावा, पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कर्ली टेल्स, बालाजी टेलीफिल्म्स और अतावी बर्ड फाउंडेशन के साथ समझौते होंगे। कार्यक्रम में “मध्यप्रदेश फिल्म पर्यटन नीति प्रभाव रिपोर्ट” का विमोचन और अंतर्राष्ट्रीय टीवीसी लॉन्च भी किया जाएगा।

‘अतुल्य मध्यप्रदेश’

देश-विदेश से आए प्रतिनिधियों को मध्यप्रदेश की झलक दिखाने के लिए 14 फैम ट्रिप्स आयोजित की जा रही हैं। इनमें खजुराहो, पन्ना, भीमबेटका, उज्जैन, मांडू, जबलपुर, कान्हा और भोपाल जैसे पर्यटन स्थल शामिल हैं। इन यात्राओं के माध्यम से प्रतिभागियों ने राज्य की संस्कृति, लोककला और प्राकृतिक सौंदर्य को नज़दीक से अनुभव किया।

मध्यप्रदेश ट्रैवल मार्ट 2025 न केवल राज्य के पर्यटन उद्योग को वैश्विक मंच देने जा रहा है, बल्कि निवेश और रोजगार के नए रास्ते भी खोलेगा। अतुल्य मध्यप्रदेश’ की यह यात्रा अब नए मुकाम की ओर बढ़ रही है, जहां परंपरा और प्रगति दोनों साथ चल रही हैं।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp