धनतेरस का त्योहार आते ही MP के बाजारों में खुशियों की हलचल साफ नजर आने लगी है। शहर की गलियों, शोरूम्स और मार्केट्स में हर जगह रंग-बिरंगी रोशनी और सजावट नजर आ रही है। दुकानों में पारंपरिक चीज़ों से लेकर आधुनिक उत्पादों तक की चमक ग्राहकों को अपनी ओर खींच रही है। सोने-चांदी के आभूषण, नए बर्तन, कपड़े और ऑटोमोबाइल हर वर्ग के खरीदार इस मौके का लाभ लेने के लिए तैयार हैं।
दोगुना बढ़ने की उम्मीद
भोपाल में शोरूम्स और साइट्स पर ऑटोमोबाइल सेक्टर में इस बार बिक्री का ग्राफ पिछले साल की तुलना में दोगुना बढ़ने की उम्मीद है। ऑटोमोबाइल एसोसिएशन के आशीष पांडे ने बताया कि इस सीजन में लगभग 10 हजार टू-व्हीलर और 4200 फोर-व्हीलर बिकने की संभावना है। इसका मतलब है कि सिर्फ ऑटोमोबाइल सेक्टर से ही करीब 900 करोड़ रुपए का कारोबार होने की उम्मीद है, जबकि पिछले साल यह आंकड़ा करीब 450 करोड़ रुपए ही था। लोगों ने पहले ही प्री-बुकिंग कर रखी है, ताकि त्योहार पर डिलीवरी में कोई परेशानी न हो।
इंदौर सराफा बाजार
इंदौर के सराफा बाजार में खास तैयारी की गई है। ग्राहकों के लिए रेड कार्पेट बिछाया गया है और बर्तन बाजार भी रंग-बिरंगा सजा हुआ है। कपड़ा मार्केट में भी खरीदारों की आवाजाही देखने को मिल रही है।
रियल एस्टेट सेक्टर भी इस बार काफी गर्म है। क्रेडाई भोपाल के अध्यक्ष मनोज मीक ने बताया कि राखी से मकर संक्रांति तक पीक सीजन रहता है, और इस साल रियल एस्टेट में 35–38% तक ग्रोथ देखने को मिल रही है। शहर में सबसे ज्यादा डिमांड प्लॉट्स और डुप्लेक्स में है, वहीं लग्जरी सेगमेंट (1 करोड़ रुपए से ऊपर) की बिक्री भी बढ़ रही है। इस धनतेरस सीजन में भोपाल में रियल एस्टेट से करीब 150 करोड़ रुपए तक की बुकिंग होने का अनुमान है।
जोश दोगुना
धनतेरस पर परंपरागत रूप से सोने-चांदी, बर्तन और घर की जरूरत के सामान खरीदे जाते हैं, वहीं इस बार ऑटोमोबाइल और रियल एस्टेट ने भी बाजार की रौनक बढ़ा दी है। व्यापारियों का कहना है कि इस साल त्योहार की खुशियों के बीच खरीदारी का उत्साह पहले से ज्यादा है और शहर की गलियां भी इसके उत्साह से जगमगा रही हैं।
इस धनतेरस पर मध्यप्रदेश के बाजारों में खरीदारी का जोश दोगुना नजर आ रहा है। ग्राहकों की भीड़, दुकानों की सजावट और व्यापारियों की तैयारियों ने त्योहार की खुशियों को और बढ़ा दिया है, जिससे शहर में त्योहार का माहौल पहले से कहीं ज्यादा उत्साहित और जीवंत नजर आ रहा है।
