,

अयोध्या में 9वां दीपोत्सव: 26 लाख दीपकों से जगमगा उठी राम की पैड़ी; बनाया गिनीज रिकॉर्ड

Author Picture
Published On: 19 October 2025

राम जन्मभूमि अयोध्या में रविवार को 9वां दीपोत्सव धूमधाम से मनाया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समारोह की शुरुआत राम मंदिर में दीप जलाकर की। इसके बाद दीपोत्सव के कार्यक्रम राम की पैड़ी पर शुरू हुए, जहां लाखों श्रद्धालुओं ने मिलकर दीपक जलाए और आस्था का अद्भुत नजारा देखा। इस बार दीपोत्सव में दो विश्व रिकॉर्ड बने। पहला, एक साथ 26,17,215 दीपक जलाए गए। दूसरा, सरयू तट पर 2128 अर्चकों ने महाआरती कर इतिहास रचा। दीपों की गिनती ड्रोन कैमरों से की गई। राम की पैड़ी पर लेजर लाइट शो ने पूरे घाट को दिव्यता से भर दिया। इस शो में 1100 ड्रोन का इस्तेमाल किया गया, जिसने हर दर्शक को मंत्रमुग्ध कर दिया।

सीएम योगी ने किया श्रीराम-सीता का स्वागत

राम कथा पार्क में हेलिकॉप्टर से उतरे श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण का सीएम योगी ने माल्यार्पण कर स्वागत किया। इसके बाद उन्हें रथ में बैठाकर मंच तक ले जाया गया। मंच पर तिलक और आरती के बाद राम राज्याभिषेक का आयोजन हुआ। यह पल भक्तों के लिए बेहद भावपूर्ण और यादगार रहा।

22 झांकियां और शोभायात्रा

साकेत महाविद्यालय से 22 झांकियों और शोभायात्रा निकाली गई, जो तीन किलोमीटर तक रामकथा पार्क तक गई। झांकियों में 7 रामायण कांडों पर आधारित थीं। बाकी झांकियां महाकुंभ, महिला शक्ति और यूपी सरकार की योजनाओं को दर्शाती थीं। भक्तों और दर्शकों ने इस शोभायात्रा का जमकर आनंद लिया।

आग और तांडव का रोमांच

असम से आए कलाकार ने मां काली के रौद्र रूप में तांडव किया। कलाकार ने सड़क पर आग के गोलों में नृत्य कर लोगों को हैरान कर दिया। मुकुट से निकली आग की लपटों ने दर्शकों की धड़कनें बढ़ा दी और एक बार फिर दीपोत्सव की रात को रोमांचक बना दिया।

आज के दीपोत्सव ने अयोध्या को पूरी तरह जगमगा दिया। गिनीज रिकॉर्ड, 1100 ड्रोन का लेजर शो, 2128 अर्चकों की महाआरती और शोभायात्रा ने मिलकर इस उत्सव को ऐतिहासिक बना दिया। श्रद्धालुओं ने कहा कि यह दीपोत्सव उनके जीवन में हमेशा आस्था और उत्साह का प्रतीक रहेगा।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp