,

भोपाल मेट्रो के कमर्शियल रन को हरी झंडी जल्द, सेफ्टी कमिश्नर जनक गर्ग करेंगे फाइनल निरीक्षण

Author Picture
Published On: 21 October 2025

राजधानी भोपाल के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। लंबे इंतजार के बाद भोपाल मेट्रो अब अपने कमर्शियल रन के करीब पहुंच चुकी है। मेट्रो रेल सेफ्टी कमिश्नर (सीएमआरएस) जनक कुमार गर्ग इसी हफ्ते भोपाल आने वाले हैं। उनका यह दौरा बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि उनकी ‘ओके रिपोर्ट’ मिलते ही मेट्रो को यात्रियों के लिए शुरू करने की तारीख फाइनल हो जाएगी। मेट्रो अफसरों के मुताबिक, जनक गर्ग दिवाली के एक-दो दिन बाद भोपाल आएंगे। यह दौरा एक दिन का रहेगा, लेकिन इसका असर बड़ा होगा। निरीक्षण पूरा होने के बाद सीएमआरएस टीम की फाइनल रिपोर्ट सरकार को सौंपी जाएगी।

बताया जा रहा है कि इससे पहले भी सितंबर में गर्ग भोपाल आ चुके हैं। तब उन्होंने सुभाषनगर डिपो से लेकर एम्स स्टेशन तक करीब 6.22 किलोमीटर लंबे प्रायोरिटी कॉरिडोर का दौरा किया था। ट्रेन में सफर कर खुद सिस्टम की जांच की थी।

स्टेशन का निरीक्षण

इससे पहले 15 और 16 अक्टूबर को सीएमआरएस की तीन सदस्यीय टीम ने भोपाल में मेट्रो के पूरे प्रायोरिटी रूट की बारीकी से जांच की थी। टीम ने सुभाषनगर, डीबी मॉल, आरकेएमपी, एमपी नगर, अलकापुरी, एम्स समेत कुल 8 स्टेशन का निरीक्षण किया था। उन्होंने एंट्री-एग्जिट, सुरक्षा व्यवस्था और यात्रियों की सुविधाओं की भी समीक्षा की थी।

मेट्रो अधिकारियों का कहना है कि जैसे ही सीएमआरएस की रिपोर्ट ‘ओके’ मिलती है, मेट्रो का रास्ता पूरी तरह साफ हो जाएगा। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मेट्रो का उद्घाटन करने के लिए आमंत्रित किया जाएगा।
संभावना जताई जा रही है कि इस महीने के अंत तक ही भोपाल मेट्रो का कमर्शियल रन शुरू हो सकता है। बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री खुद भोपाल मेट्रो के पहले यात्री भी बन सकते हैं।

काम तेजी से हो रहे पूरे

एम्स से करोंद तक 16 किलोमीटर लंबे पहले रूट पर काम चल रहा है। इसमें से सुभाषनगर से आरकेएमपी तक का हिस्सा पूरी तरह तैयार है, जबकि अलकापुरी, एम्स और डीआरएम स्टेशन पर आखिरी फिनिशिंग का काम चल रहा है।
मेट्रो के ऊपर दो स्टील ब्रिज भी बनाए गए हैं ताकि ट्रैफिक पर असर न पड़े।

2018 में शुरू हुआ सफर

भोपाल मेट्रो का काम साल 2018 में शुरू हुआ था। इसके बाद 3 अक्टूबर 2023 को पहली बार ट्रायल रन हुआ था, जिसमें तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मेट्रो में सफर किया था। अब जबकि सेफ्टी निरीक्षण का आखिरी चरण पूरा होने जा रहा है, राजधानी के लोगों को जल्द ही मेट्रो की सवारी करने का मौका मिल सकता है।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp