भोपाल के बरकतउल्लाह विश्वविद्यालय (BU) ने पीएचडी सत्र 2024-25 के लिए आवेदन की अंतिम तारीख आगे बढ़ा दी है। पहले यह 10 अक्टूबर तय थी, लेकिन अब विद्यार्थियों को 27 अक्टूबर 2025 तक का समय मिल गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने यह फैसला उन छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लिया है जो किसी कारणवश पहले आवेदन नहीं कर पाए थे।
दस्तावेज
संशोधित अधिसूचना में यह भी साफ किया गया है कि जो उम्मीदवार ऑनलाइन आवेदन करेंगे, उन्हें फॉर्म भरने के दो दिन के भीतर अपने सभी जरूरी दस्तावेजों की स्व-प्रमाणित (self-attested) हार्ड कॉपी विश्वविद्यालय की नामांकन शाखा में जमा करनी होगी। अक्सर देखा गया है कि छात्र ऑनलाइन फॉर्म तो भर देते हैं, लेकिन दस्तावेज समय पर जमा नहीं करते, जिससे उनका आवेदन अधूरा रह जाता है। इस बार विश्वविद्यालय ने इसे लेकर सख्ती बरती है ताकि बाद में किसी तरह की परेशानी न हो।
छात्रों में राहत
तारीख बढ़ने की खबर मिलते ही छात्रों में राहत देखने को मिली। कई अभ्यर्थियों का कहना है कि पीएचडी आवेदन प्रक्रिया काफी लंबी और दस्तावेज़ों से जुड़ी होती है, ऐसे में थोड़ा अतिरिक्त समय मिलना बहुत मददगार साबित होगा। कुछ छात्रों ने बताया कि नेट (NET) या अन्य परीक्षाओं की तैयारी में व्यस्त होने के कारण वे पहले फॉर्म नहीं भर पाए थे, लेकिन अब उन्हें मौका मिल गया है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने दिया स्पष्टीकरण
विश्वविद्यालय के अधिकारियों का कहना है कि उन्हें लगातार छात्रों की ओर से आवेदन की तारीख बढ़ाने की मांग मिल रही थी। कई छात्रों ने तकनीकी दिक्कतों और दस्तावेज़ तैयार करने में देरी की वजह से समय बढ़ाने की अपील की थी। इसी को देखते हुए प्रशासन ने अंतिम तिथि बढ़ाने का निर्णय लिया। हालांकि, अधिकारियों ने यह भी साफ कहा है कि अब यह अंतिम तारीख होगी और आगे कोई विस्तार नहीं किया जाएगा।
क्या करें अभ्यर्थी
जो भी उम्मीदवार पीएचडी में दाखिला लेना चाहते हैं, वे बीीयू की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। फॉर्म भरने के बाद दस्तावेजों की हार्ड कॉपी दो दिन के अंदर नामांकन शाखा में जमा करना अनिवार्य है। दस्तावेजों में आवेदन फॉर्म की कॉपी, अंकसूची, शोध प्रस्ताव और अन्य जरूरी प्रमाणपत्र शामिल होंगे।
