, ,

MP स्थापना दिवस पर 3 दिन होगा बड़ा जश्न, सीएम करेंगे ‘विकसित एमपी @2047’ दृष्टि पत्र जारी

Author Picture
Published On: 25 October 2025

MP इस बार अपना स्थापना दिवस बड़े धूमधाम से मनाने जा रहा है। एक नवंबर को भोपाल सहित सभी जिलों में तीन दिन तक कार्यक्रमों की रौनक रहेगी। मुख्यमंत्री मोहन यादव की मौजूदगी में ‘विकसित मध्यप्रदेश @2047’ का दृष्टि पत्र जारी होगा। इसके साथ ही दो बड़े डिजिटल प्लेटफॉर्म इन्वेस्ट एमपी और एमपी ई-सेवा पोर्टल का शुभारंभ भी होगा। यह पूरा कार्यक्रम नीति आयोग के सहयोग से तैयार किया गया है।

सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी कलेक्टरों को निर्देश जारी किए हैं कि वे जिले में होने वाले कार्यक्रमों की व्यवस्था खुद करें। सरकार की ओर से हर जिले को केवल एक-एक लाख रुपए दिए जाएंगे। बाकी खर्च स्थानीय स्तर पर जुटाने के निर्देश हैं।

लाल परेड मैदान जश्न

राजधानी भोपाल के लाल परेड मैदान में सबसे बड़ा आयोजन होगा। 1 नवंबर को यहां मंचीय कार्यक्रम, ‘विरासत से विकास’ थीम पर ड्रोन शो, सुगम संगीत प्रस्तुति और आतिशबाजी होगी। 2 और 3 नवंबर को महाराजा विक्रमादित्य महानाट्य का मंचन किया जाएगा। साथ ही, हुनरमंद शिल्पियों की कला और क्राफ्ट प्रदर्शनी लगेगी, जहां स्थानीय उत्पादों की बिक्री भी होगी।

स्थापना दिवस के मौके पर युवाओं को जोड़ने के लिए पूरे प्रदेश में स्कूलों और कॉलेजों में सामान्य ज्ञान, निबंध, वाद-विवाद और पेंटिंग प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। इसके अलावा फोटो प्रदर्शनी, युवा वैज्ञानिक सम्मेलन, संवाद सत्र और गोष्ठियां भी आयोजित की जाएंगी।

जिलों में प्रभारी मंत्री की देखरेख में होंगे कार्यक्रम

हर जिले में प्रभारी मंत्री और कलेक्टर मिलकर कार्यक्रम तय करेंगे। स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियां, जिले के उत्पादों की प्रदर्शनी और समाज के गौरव चरित्रों पर आधारित शो किए जाएंगे। जिला मुख्यालय के प्रमुख सरकारी भवनों पर 1 नवंबर की रात रोशनी से सजावट भी की जाएगी। सरकार ने निर्देश दिया है कि कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधि, उद्योगपति, समाजसेवी, धर्मगुरु, स्वतंत्रता सेनानी, शहीद सैनिकों के परिवार, और एनजीओ-स्टार्टअप प्रतिनिधियों को विशेष तौर पर आमंत्रित किया जाए।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp