, ,

किसानों के साथ बड़ा धोखा, MP सरकार ने खरीदी से पीछे हटकर दिखा दी असली नीयत

Author Picture
Published On: 3 November 2025

MP कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर किसानों के साथ धोखा करने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने गेहूं और धान की सरकारी खरीदी से हाथ खींचकर यह साफ कर दिया है कि अब उसकी दिलचस्पी किसानों में नहीं, बल्कि पूंजीपतियों के हितों में है। पटवारी ने बताया कि मुख्यमंत्री मोहन यादव ने केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी को पत्र लिखकर कहा है कि अब राज्य सरकार गेहूं और धान की खरीदी नहीं करेगी, बल्कि पूरी जिम्मेदारी एफसीआई (भारतीय खाद्य निगम) की होगी। इस फैसले को पटवारी ने किसानों की कमर तोड़ने वाला कदम बताया।

पटवारी ने कहा कि जब एफसीआई खरीदी करेगा तो “गुणवत्ता” के नाम पर लाखों क्विंटल अनाज रिजेक्ट कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकारी खरीदी बंद होने के बाद किसानों को मजबूरी में अपनी फसल निजी व्यापारियों और दलालों को औने-पौने दामों में बेचनी पड़ेगी। इसका सीधा मतलब है कि किसानों की मेहनत की कमाई फिर से लुट जाएगी।

“भाजपा के वादे सिर्फ चुनाव तक”

कांग्रेस अध्यक्ष ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा सरकार हर बार किसानों को सपने दिखाने और फिर धोखा देने की परंपरा निभाती आई है। कभी बोनस के नाम पर वादे, कभी समर्थन मूल्य की घोषणा, तो कभी खरीदी केंद्रों पर अव्यवस्था, लेकिन जमीन पर कुछ नहीं बदला। अब तो सरकार ने पूरी खरीदी व्यवस्था से ही पल्ला झाड़ लिया है। पटवारी बोले, “ये सरकार किसानों की नहीं, पूंजीपतियों की है। जिसने किसानों की मेहनत पर राजनीति की और अब उन्हें बाजार के हवाले कर दिया।”

कांग्रेस सड़क से सदन तक लड़ेगी लड़ाई

जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव से मांग की कि इस फैसले को तुरंत वापस लिया जाए और पहले की तरह राज्य सरकार ही खरीदी करे। उन्होंने कहा कि इससे ही किसानों को उचित दाम और सुरक्षा मिल सकेगी। पटवारी ने कहा, “कांग्रेस किसानों के हक के लिए सड़क से लेकर सदन तक लड़ाई लड़ेगी। भाजपा सरकार किसानों को नजरअंदाज कर रही है, लेकिन अब यह चुपचाप नहीं चलेगा।”

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp