बॉलीवुड में कई बार रोमांस की कहानियां पर्दे पर ऐसी दिखीं कि दर्शक भी हैरान रह गए। कुछ अदाकाराएं ऐसी रहीं, जिन्होंने एक ही परिवार की दो पीढ़ियों यानी बाप और बेटे दोनों के साथ रोमांस किया। किसी ने पुराने हीरो के साथ इमोशनल सीन दिए, तो उसी हीरो के बेटे संग रोमांटिक केमिस्ट्री भी जमाई।
कहते हैं प्यार की कोई उम्र या सीमा नहीं होती। यही बात बॉलीवुड में कई बार साबित हुई है। यहां कुछ ऐसी अभिनेत्रियां हैं जिन्होंने एक ही परिवार की दो पीढ़ियों के साथ काम किया वो भी रोमांटिक किरदारों में। किसी ने पिता के साथ बोल्ड सीन दिए, तो बेटे के साथ मासूम प्यार दिखाया। ये जोड़ियां आज भी चर्चा में हैं।
माधुरी दीक्षित ने निभाया बाप-बेटे संग रोमांस
बॉलीवुड की धक-धक गर्ल माधुरी दीक्षित ने 1988 में आई फिल्म दयावान में विनोद खन्ना संग बोल्ड रोमांटिक सीन दिए थे। फिल्म का गाना आज फिर तुमपे प्यार आया है आज भी याद किया जाता है। वहीं, विनोद खन्ना के बेटे अक्षय खन्ना के साथ माधुरी ने फिल्म मोहब्बत में काम किया। दोनों की जोड़ी को दर्शकों ने पसंद भी किया।
माधुरी यहीं नहीं रुकीं उन्होंने ऋषि कपूर संग याराना और प्रेम ग्रंथ जैसी फिल्मों में अभिनय किया और सालों बाद उनके बेटे रणबीर कपूर संग फिल्म ये जवानी है दीवानी में गाने घांघरा पर डांस करती नजर आईं।
अमृता सिंह और डिंपल कपाड़िया का नाम भी शामिल
अमृता सिंह ने अपने करियर की शुरुआत सनी देओल के साथ फिल्म बेताब से की थी, जिसमें दोनों की रोमांटिक केमिस्ट्री काफी पसंद की गई। बाद में उन्होंने सनी के पिता धर्मेंद्र के साथ सच्चाई की ताकत में पत्नी का किरदार निभाया।
डिंपल कपाड़िया का नाम भी इस लिस्ट में शुमार है। उन्होंने सनी देओल और धर्मेंद्र दोनों के साथ काम किया। सनी संग मंजिल मंजिल में उनका रोमांस देखा गया, तो धर्मेंद्र के साथ मस्त कलंदर और दुश्मन देवता में उन्होंने स्क्रीन शेयर की। धर्मेंद्र के साथ उनका किसिंग सीन उस दौर में खूब चर्चा में रहा।
श्रीदेवी और रानी मुखर्जी ने भी दीं यादगार जोड़ियां
श्रीदेवी ने धर्मेंद्र संग वतन के रखवाले और फरिश्ते जैसी फिल्मों में काम किया, वहीं सनी देओल के साथ निगाहें में नजर आईं। दोनों पीढ़ियों के साथ उनका अभिनय दर्शकों को खूब पसंद आया।
रानी मुखर्जी ने भी अमिताभ बच्चन के साथ ब्लैक में रोमांटिक इमोशंस दिखाए, जबकि अभिषेक बच्चन के साथ बंटी और बबली, कभी अलविदा ना कहना जैसी फिल्मों में हिट जोड़ी दी। अभिषेक और रानी के अफेयर की खबरें उस वक्त मीडिया की सुर्खियों में छाई रहीं।
साउथ की काजल अग्रवाल भी कम नहीं
काजल अग्रवाल ने साउथ इंडस्ट्री में भी ऐसा ही कमाल किया। उन्होंने चिरंजीवी संग कैदी नंबर 150 में और उनके बेटे रामचरण के साथ मगधीरा तथा गोविंदुडु अंदारिवडेले जैसी फिल्मों में रोमांस किया। दोनों पीढ़ियों संग उनकी केमिस्ट्री को फैंस ने खूब सराहा।
