, ,

11 मील खजूरी जंक्शन पर बनेगा सिक्सलेन फ्लाइओवर, सिंहस्थ से पहले पूरा करने का टारगेट

Author Picture
Published On: 5 November 2025

इंदौर-भोपाल स्टेट हाईवे के 11 मील खजूरी जंक्शन पर अब ट्रैफिक जाम से राहत मिलने वाली है। यहां करीब 31 करोड़ रुपए की लागत से 850 मीटर लंबा सिक्सलेन फ्लाइओवर बनाया जाएगा। बुधवार को विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर और हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा ने इसका भूमिपूजन किया।

फ्लाइओवर का निर्माण मध्य प्रदेश सड़क विकास निगम (MPRDC) करेगा, जिसने इसी हाईवे का निर्माण भी पहले किया था। अधिकारियों के मुताबिक, उज्जैन में 2028 में होने वाले सिंहस्थ के दौरान यह फ्लाइओवर ट्रैफिक और क्राउड मैनेजमेंट में बड़ी मदद करेगा।

फ्लाइओवर बनने से नहीं लगेगा जाम

विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि फ्लाइओवर बनने से इंदौर-भोपाल हाईवे और भोपाल बायपास जंक्शन पर लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिलेगी। साथ ही सिंहस्थ के दौरान बढ़ने वाले वाहनों के दबाव को भी यह सिक्सलेन फ्लाइओवर संभालेगा।

गांवों में भी शहर जैसा विकास

कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि विधायक रामेश्वर शर्मा के नेतृत्व में हुजूर विधानसभा में विकास की रफ्तार लगातार बढ़ी है। उन्होंने कहा, “अब सिर्फ शहर नहीं, बल्कि ग्रामीण इलाकों में भी तेजी से काम हो रहे हैं।”

बताया गया कि पिछले पांच दिनों में ही हुजूर क्षेत्र में 100 करोड़ रुपए से ज्यादा के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया जा चुका है। इनमें कोलार रोड पर मंदाकिनी चौराहा से दानिशकुंज चौराहा तक फोरलेन निर्माण और सूखी सेवनिया में सिक्सलेन फ्लाइओवर शामिल हैं।

18 महीने में होगा तैयार

अधिकारियों ने बताया कि फ्लाइओवर को 18 महीने में तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि सिंहस्थ से पहले इसे पूरा किया जा सके। इसके साथ ही सर्विस रोड और फ्लाइओवर पर स्ट्रीट लाइट्स भी लगाई जाएंगी, जिससे रात में ट्रैफिक आसान रहेगा।

यह फ्लाइओवर बनने के बाद खजूरी जंक्शन और बायपास एरिया में ट्रैफिक का बोझ काफी कम हो जाएगा- एमपीआरडीसी अधिकारी

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp