, ,

दिल्ली एयरपोर्ट की तकनीकी खराबी से उड़ानें ठप, भोपाल तक पड़ा असर

Author Picture
Published On: 7 November 2025

शुक्रवार सुबह दिल्ली एयरपोर्ट पर एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) सिस्टम में आई बड़ी तकनीकी खराबी ने देशभर की उड़ानों का शेड्यूल बिगाड़ दिया। इसका असर सीधे राजधानी भोपाल सहित जबलपुर और इंदौर की उड़ानों पर भी दिखा। कई फ्लाइट्स तय समय से देरी से पहुंचीं, जिससे यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी। दिल्ली से भोपाल आने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E602 जो सामान्य तौर पर सुबह 7:45 बजे उतरती है, वह करीब डेढ़ घंटे की देरी से 9:10 बजे पहुंची। वहीं एयर इंडिया की फ्लाइट AI1723 को 12:05 बजे लैंड करना था, लेकिन वह भी 1:05 बजे पहुंच सकी।

एक और इंडिगो फ्लाइट, जो 1:05 बजे भोपाल आने वाली थी, वह खबर लिखे जाने तक दिल्ली एयरपोर्ट पर ही फंसी रही। इस वजह से एयरपोर्ट पर यात्रियों को काफी इंतजार करना पड़ा। भोपाल एयरपोर्ट पर पहुंचे कुछ यात्रियों ने बताया कि सुबह से उड़ान के शेड्यूल बदलते रहे। कई लोगों को अपने मीटिंग और ट्रेनों के शेड्यूल दोबारा तय करने पड़े।

एयरपोर्ट डायरेक्टर बोले

भोपाल एयरपोर्ट के डायरेक्टर रामजी अवस्थी ने बताया कि फिलहाल एक फ्लाइट देर से पहुंची है, जबकि बाकी उड़ानों पर नज़र रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली एयरपोर्ट पर तकनीकी समस्या के कारण वहां से उड़ानों की लैंडिंग और टेकऑफ का समय प्रभावित हुआ है। फिलहाल भोपाल की सभी उड़ानों की रियल-टाइम ट्रैकिंग की जा रही है। उड़ानें आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि असर कितना गहरा है। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि वे अपनी एयरलाइन की वेबसाइट या कस्टमर केयर से अपडेट लेते रहें, ताकि अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।

जबलपुर की फ्लाइट भी फंसी

दिल्ली से जबलपुर आने वाली इंडिगो फ्लाइट, जो दोपहर 1:30 बजे पहुंचनी थी, वह भी करीब एक घंटे की देरी से चल रही है। एयरलाइन सूत्रों के मुताबिक, उड़ान अभी तक दिल्ली एयरपोर्ट से रवाना नहीं हो पाई थी। इस वजह से जबलपुर एयरपोर्ट पर भी यात्रियों को इंतजार करना पड़ा। कई यात्रियों ने सोशल मीडिया पर देरी की शिकायतें कीं और एयरलाइन से जल्दी समाधान की मांग की।

दिल्ली में रात से जारी तकनीकी दिक्कत

जानकारी के मुताबिक, दिल्ली एयरपोर्ट पर गुरुवार रात से ही ऑटोमैटिक मेसेज स्विच सिस्टम (AMSS) में तकनीकी खराबी आ गई थी। यह सिस्टम फ्लाइट्स के नेविगेशन और कंट्रोल से जुड़ा अहम हिस्सा होता है। इस गड़बड़ी की वजह से एटीसी को शुक्रवार सुबह मैन्युअल तरीके से उड़ानों का संचालन करना पड़ा। इससे एक साथ कई उड़ानों की लैंडिंग और टेकऑफ में दिक्कतें आईं। एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, 100 से ज्यादा उड़ानें देरी से रवाना या लैंड हुईं। कई यात्रियों को एयरपोर्ट पर लंबा इंतजार करना पड़ा, जबकि कुछ उड़ानों को अस्थायी रूप से रद्द भी करना पड़ा।

पूरे देश में असर

दिल्ली का एयरपोर्ट देश का सबसे व्यस्त हवाई अड्डा है, जहां से रोज़ाना सैकड़ों घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें संचालित होती हैं। इसलिए वहां की कोई भी तकनीकी खराबी का असर सीधे देश के अन्य शहरों जैसे भोपाल, इंदौर, मुंबई, लखनऊ और कोलकाता तक पहुंचता है। एटीसी विभाग के अधिकारियों का कहना है कि अब सिस्टम को रीसेट और मॉनिटर किया जा रहा है। उम्मीद है कि दोपहर तक स्थिति सामान्य हो जाएगी और उड़ानें अपने नियमित समय पर लौट आएंगी।

यात्रियों के लिए सलाह

एयरलाइन कंपनियों ने यात्रियों से कहा है कि वे एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी फ्लाइट की स्थिति ऑनलाइन चेक करें। इससे वे लंबे इंतजार से बच सकेंगे। फिलहाल, एयरपोर्ट पर अतिरिक्त स्टाफ तैनात किया गया है, ताकि यात्रियों को सुविधा दी जा सके। अधिकारियों का कहना है कि जैसे ही तकनीकी समस्या पूरी तरह दूर होगी, उड़ानों की गति सामान्य हो जाएगी।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp