स्टार प्लस का सुपरहिट शो Kyunki Saas Bhi Kabhi Bahu Thi 2 ने पूरे किए 100 एपिसोड और अब कहानी एक नए मोड़ पर पहुंच गई है। तुलसी के शांतिनिकेतन में फिर से उठने वाला है तूफान एक नहीं बल्कि तीन बड़े ट्विस्ट के साथ। मिहिर, नोयोना और मुन्नी के बीच रिश्तों की नई उलझनें शो में बड़ा ड्रामा लेकर आने वाली हैं।
एकता कपूर का पॉपुलर शो क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2 इन दिनों जबरदस्त टीआरपी कमा रहा है। शो ने हाल ही में अपने 100 एपिसोड पूरे कर लिए हैं और दर्शक इसे खूब पसंद कर रहे हैं। लेकिन अब तुलसी की जिंदगी में एक बार फिर उथल-पुथल मचने वाली है। शादी की खुशियों के बीच रिश्तों की दरारें गहराने लगी हैं और शांतिनिकेतन का माहौल अब ‘शांति’ से कोसों दूर जा रहा है।
तुलसी ने मुन्नी को निकाला घर से बाहर
बीते एपिसोड में कहानी ने नया मोड़ ले लिया। घर में जहां अंगद और मिताली की शादी की तैयारियां चल रही हैं, वहीं तुलसी को एक ऐसा सच पता चलता है जिसने सब कुछ बदल दिया। मिताली की टेक-सैवी दोस्त की मदद से ऋतिक को यह पता चलता है कि ‘मुनमुन’ दरअसल ‘मुन्नी’ ही है। जब ऋतिक ने मुन्नी से बात की, तो वह कहती है कि उसे उससे प्यार है। ऋतिक उसे बेइज्जत करता है और तुलसी यह सब सुन लेती है।
तुलसी गुस्से में मुन्नी को डांट देती है और घर से बाहर निकाल देती है। हालांकि बाद में वह उसे समझाते हुए पैसे देती है और कहती है कि वह पढ़-लिखकर अपनी जिंदगी बनाए। इस बीच मिहिर को जब मुन्नी के जाने का पता चलता है, तो वह हैरान रह जाता है। तुलसी ने यह बात घरवालों से छुपा ली है, लेकिन आने वाले एपिसोड में यही राज उसके लिए बड़ी मुसीबत बन सकता है।
मिहिर और तुलसी के रिश्ते में दरार
अब कहानी का सबसे बड़ा ट्विस्ट मिहिर और तुलसी के रिश्ते में आने वाला है। तुलसी और मिहिर के बीच दूरी बढ़ने लगी है। मिहिर के दिल में अब नोयोना के लिए सॉफ्ट कॉर्नर बनने लगा है, क्योंकि वह उसकी जिंदगी बचाने के लिए आग में कूद गई थी। वहीं तुलसी इस बात को लेकर परेशान है कि मिहिर उससे दूर हो रहा है।
दूसरी तरफ तुलसी अपने बेटे अंगद की खुशी के लिए उसे वृंदा से शादी करने को कहती है, जबकि मिहिर इस फैसले से खुश नहीं है। घर में होने वाले हर फैसले पर दोनों के बीच मतभेद बढ़ते जा रहे हैं। इन झगड़ों की वजह से तुलसी का परिवार फिर से बिखरने की कगार पर पहुंच गया है। आने वाले एपिसोड में दर्शकों को तुलसी और मिहिर के बीच कई इमोशनल सीन देखने को मिलेंगे।
कहानी लाएगी तीसरा बड़ा ड्रामा
जहां एक तरफ तुलसी अपने परिवार को संभालने की कोशिश कर रही है, वहीं दूसरी ओर ऋतिक और मुन्नी की कहानी एक नए एंगल में जाने वाली है। मुन्नी का प्यार अब उसकी कमजोरी नहीं, बल्कि उसकी ताकत बनेगा। वह तुलसी से बदला लेने की ठान सकती है, क्योंकि उसे घर से निकाला गया है।
सोशल मीडिया पर फैंस का कहना है कि शो अब और भी दिलचस्प होने वाला है। परी और नोयोना की चालों के बीच तुलसी का संघर्ष बढ़ेगा और दर्शकों को पुराने सीजन की झलक फिर से देखने को मिलेगी।
