कैमूर जिले के रामगढ़ हाई स्कूल मैदान में शनिवार को एनडीए की एक बड़ी जनसभा हुई, जिसमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और आरएलएसपी प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने मंच से विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। मैदान में हजारों की भीड़ जुटी, कार्यकर्ताओं ने दोनों नेताओं का फूल-मालाओं और नारों से गर्मजोशी से स्वागत किया। मंच पर “फिर एक बार एनडीए सरकार” के नारे लगातार गूंजते रहे। सभा की शुरुआत में उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि बिहार की जनता ने पहले चरण में ही साफ कर दिया है कि नीतीश कुमार की सरकार पर भरोसा कायम है। उन्होंने दावा किया कि पहले चरण की सभी सीटों पर एनडीए को बढ़त मिल चुकी है। कुशवाहा ने कहा, “नीतीश कुमार पहले भी मुख्यमंत्री थे, आज भी हैं और आगे भी रहेंगे। जनता जानती है कि बिहार को आगे बढ़ाने वाला सिर्फ एनडीए ही है।”
उन्होंने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि “जंगलराज” कोई एनडीए ने नहीं कहा था, बल्कि अदालत ने उस दौर को ऐसा कहा था। उन्होंने लोगों से अपील की कि बिहार को फिर से उसी अंधेरे दौर में मत लौटने दें। एनडीए को वोट दें ताकि स्कूल, सड़क, अस्पताल और रोजगार का सिलसिला चलता रहे।
हुआ स्वागत
इसके बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मंच पर आए तो भीड़ ने नारेबाजी से उनका जोरदार स्वागत किया। उन्होंने कहा कि पहले चरण के मतदान ने यह साफ कर दिया है कि 14 तारीख के बाद दो तिहाई बहुमत से फिर से एनडीए की सरकार बनने जा रही है।
राजनाथ सिंह ने लालू यादव के दौर की ओर इशारा करते हुए कहा, “एक समय था जब लोग कहते थे ‘आव ना बिहार में, कटा ठोक देब कपार में’, लेकिन अब बिहार बदल चुका है। आज लोग कहते हैं। ‘आईं ना एनडीए के विकसित बिहार में… उन्होंने कहा कि अब लालटेन और कट्टा वाला दौर खत्म हो गया है, अब विकास और रोजगार का युग शुरू हो चुका है।रक्षा मंत्री ने मंच से बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश की तरह अब बिहार में भी डिफेंस कॉरिडोर बनाया जाएगा। उन्होंने कहा, “अब बिहार में कट्टा नहीं, तोप बनेगा। यहां के युवाओं को देश की रक्षा से जुड़ी नई तकनीकों में काम करने के अवसर मिलेंगे।”
कांग्रेस पर निशाना
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी झूठ बोलकर राजनीति कर रहे हैं। सेना में आरक्षण जैसी बातें करना हमारे सैनिकों के गर्व का अपमान है। राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत अब दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। पहले हमें 11वें नंबर पर गिना जाता था, आज हम चौथे स्थान पर हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार तरक्की कर रहा है।
अपने संबोधन के अंत में रक्षा मंत्री ने कहा कि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का सपना अब साकार होने की राह पर है। आज का भारत झुकने वाला नहीं है। जो भी हमारी ओर आंख उठाएगा, उसे करारा जवाब मिलेगा। सभा के आखिर में भीड़ से जय भारत और नीतीश-राजनाथ जिंदाबाद के नारे गूंज उठे। मैदान में मौजूद कार्यकर्ताओं में एनडीए के प्रति जोश और भरोसा साफ दिखाई दे रहा था।
