,

भोपाल मंडल का टिकट चेकिंग अभियान रहा सफल, 7 माह में 23.29 करोड़ की रिकॉर्ड कमाई

Author Picture
Published On: 10 November 2025

रेल यात्रियों के बीच टिकट व्यवस्था को सख्ती से लागू करने के लिए भोपाल रेल मंडल द्वारा चलाया गया टिकट चेकिंग अभियान जबरदस्त साबित हुआ है। चालू वित्तीय वर्ष के सात महीनों (अप्रैल से अक्टूबर 2025) में मंडल के वाणिज्य विभाग ने कुल 3 लाख 63 हजार 279 मामलों में कार्रवाई कर 23.29 करोड़ रुपये का राजस्व जुटाया है। यह पिछले वर्षों की तुलना में उल्लेखनीय वृद्धि मानी जा रही है। रेल प्रशासन के अनुसार, इस अभियान ने न केवल आय बढ़ाई है बल्कि यात्रियों में नियमों के प्रति जागरूकता भी बढ़ाई है।

वाणिज्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, जांच के दौरान 1,86,907 यात्री बिना टिकट, 1,74,700 यात्री अनुचित टिकट के साथ यात्रा करते पकड़े गए, जबकि 1,674 मामलों में बिना बुक सामान मिला। इन सब पर जुर्माने और राजस्व संग्रह की कार्रवाई की गई।

3 करोड़ की वसूली

अक्टूबर माह में विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया, जिसमें ट्रेनों और प्लेटफॉर्मों पर सघन निरीक्षण किया गया। इस दौरान 49,032 मामले दर्ज किए गए, जिनमें 25,171 बिना टिकट, 23,665 अनुचित टिकट, और 196 बिना बुक सामान के मामले शामिल थे। इनसे मंडल को 3 करोड़ रुपये का अतिरिक्त राजस्व प्राप्त हुआ।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि त्योहारों के सीजन में यात्रियों की भीड़ बढ़ने के कारण यह अभियान और भी प्रभावी ढंग से चलाया गया। बड़ी संख्या में यात्रियों ने इस सख्ती के बाद नियमों का पालन करना शुरू किया है।

यात्रियों से अपील

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया ने टिकट चेकिंग स्टाफ की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि उनकी मुस्तैदी से न केवल राजस्व बढ़ा है बल्कि रेलवे की साख भी मजबूत हुई है। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि वे हमेशा वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें, ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा या कानूनी कार्रवाई का सामना न करना पड़े। रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आगामी महीनों में भी इस अभियान को और कड़ा किया जाएगा। नियम तोड़ने वालों पर सख्त जुर्माना जारी रहेगा।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp