मक्के दी रोटी-सरसों दा साग, पंजाब के असली स्वाद के साथ घर में तैयार करें ये देसी फूड कॉम्बो

Author Picture
Published On: 11 November 2025

जब सर्दियां शुरू होती हैं, तो पंजाबी घरों में एक ही नाम सबसे पहले याद आता है मक्के दी रोटी और सरसों दा साग। यह सिर्फ एक डिश नहीं, बल्कि पंजाब की रूह है। देसी घी की खुशबू, ऊपर से सफ़ेद मक्खन, और साथ में ताज़ी हरी मिर्च बस फिर क्या, पूरा परिवार टेबल पर इकट्ठा हो जाता है। अगर आप सोच रहे हैं कि ये डिश बनाना मुश्किल है, तो बिल्कुल नहीं। थोड़ी धैर्य और सही तरीका, और ये शानदार कॉम्बो आपकी किचन में तैयार!

सरसों दा साग

सामग्री

  1. 500 ग्राम सरसों के पत्ते
  2. 200 ग्राम पालक
  3. 100 ग्राम बथुआ
  4. 2-3 हरी मिर्च
  5. 1 बड़ा टमाटर
  6. 1 मध्यम प्याज़
  7. 5-6 लहसुन की कलियां
  8. 1 इंच अदरक
  9. 2 टेबलस्पून मक्के का आटा
  10. 2-3 टेबलस्पून देसी घी
  11. नमक स्वादानुसार
  12. 1/2 टीस्पून लाल मिर्च
  13. 1/2 टीस्पून हल्दी

विधि

  • सरसों, पालक और बथुआ के पत्तों को अच्छे से धो लें। पत्तों पर अक्सर मिट्टी चिपकी होती है, इसलिए 2-3 पानी बदलकर धोना जरूरी है। हल्का-सा पानी निकालकर मोटा-मोटा काट लें।
  • एक बड़े बर्तन में पत्ते डालें। इसमें हरी मिर्च, अदरक और थोड़ा पानी डालकर ढक दें। धीमी आंच पर 25-30 मिनट पकाएं। पत्ते नरम होने लगेंगे और उनकी खुशबू आने लगेगी।
  • जब पत्ते अच्छे से गल जाएं, गैस बंद करके उन्हें हल्का ठंडा होने दें। अब हैंड ब्लेंडर या सिल-बट्टे की मदद से इन्हें दरदरा पीसें। ध्यान रखें, बहुत ज्यादा स्मूद न करें, पंजाबी स्टाइल में थोड़ा टेक्सचर जरूरी है।
  • कड़ाही में देसी घी गर्म करें। इसमें लहसुन, प्याज़ और टमाटर डालकर सुनहरा होने तक भूनें। अब लाल मिर्च, हल्दी और नमक मिला दें। तड़का तैयार!
  • पीसा हुआ साग कड़ाही में डालें। इसमें 2 टेबलस्पून मक्के का आटा डालें, इससे साग की गाढ़ापन और स्वाद बढ़ेगा। धीमी आंच पर 20-25 मिनट पकाएं। ऊपर से थोड़ा घी डालें और बस, साग तैयार!

मक्के दी रोटी

सामग्री

  • 2 कप मक्के का आटा
  • थोड़ा-सा गेहूं का आटा (1 टेबलस्पून)
  • गुनगुना पानी
  • नमक
  • घी लगाने के लिए

विधि

  • मक्के के आटे में थोड़ा गेहूं का आटा मिलाएं। गुनगुने पानी की मदद से नरम आटा गूंधें। मक्के का आटा थोड़ी मुश्किल से बंधता है, इसलिए आटा ज्यादा न गीला हो।
  • एक प्लास्टिक शीट पर आटा रखें, ऊपर से दूसरी शीट रखें और हाथ से हल्का-हल्का थपथपाकर रोटी आकार दें। यह तरीका सबसे आसान है।
  • गरम तवे पर रोटी रखें। दोनों तरफ से सेकते हुए उस पर घी लगाएं। रोटी हल्की कुरकुरी हो जाए तो उतार लें।

सर्विंग टिप्स

  • ऊपर से सफ़ेद मक्खन की एक बड़ी डली मज़ा दोगुना!
  • साथ में गुड़ और सरसों का अचार बिलकुल देसी पंजाबी अंदाज़।
  • ऊपर से प्याज़ और हरी मिर्च सर्दियों की दावत पूरी।
Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp