दिल्ली की हवा फिर बनी जहर, ठंड और स्मॉग का डबल अटैक; सांस लेना हुआ मुश्किल

Author Picture
Published On: 12 November 2025

दिल्ली और एनसीआर इन दिनों ठंड और प्रदूषण के डबल प्रहार से जूझ रहे हैं। बढ़ती ठंड के साथ राजधानी की वायु गुणवत्ता लगातार खराब हो रही है, जिससे लोगों को आंखों में जलन, गले में खराश और सांस लेने में दिक्कत जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है। आज दिल्ली में अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

दिल्ली और एनसीआर में इन दिनों ठंड और प्रदूषण का डबल प्रहार जारी है। राजधानी में तापमान लगातार गिरने के साथ-साथ वायु गुणवत्ता भी बेहद खराब स्तर पर पहुंच गई है। प्रदूषण के कारण लोगों को आंखों में जलन, गले में खराश और सांस लेने में दिक्कत जैसी समस्याएं हो रही हैं।

दिल्ली की हवा बनी जहर

दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण का स्तर आज भी बेहद चिंताजनक बना हुआ है। राजधानी के अधिकांश इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 400 के पार दर्ज किया गया, जो ‘सिरियस’ या रेड जोन श्रेणी में आता है। बवाना में सबसे खराब स्थिति रही, जहां AQI 462 तक पहुंच गया। वजीरपुर में 460, आनंद विहार में 442, मुंडका में 450, अलीपुर में 434, अशोक विहार में 435, चांदनी चौक में 412, द्वारका सेक्टर-8 में 445 और आईटीओ में 441 रिकॉर्ड किया गया। कुल मिलाकर 35 इलाकों में AQI 400 से ऊपर है। वहीं, नोएडा में AQI 413, गाजियाबाद में 386 और गुरुग्राम में 331 रहा।

पहाड़ी राज्यों में पकड़ी रफ्तार

देश के पहाड़ी राज्यों और उत्तरी मैदानी इलाकों में ठंड का असर तेजी से बढ़ रहा है। उत्तराखंड में 14 नवंबर तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है, जबकि हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा, मंडी, सोलन और हमीरपुर जैसे जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। मध्य प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में 11 और 12 नवंबर को शीतलहर चलने की संभावना जताई गई है। हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में भी इसी दौरान ठंड का असर बढ़ने की उम्मीद है।

वहीं, पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 11 से 14 नवंबर तक तापमान में गिरावट के चलते ठंड बढ़ने की चेतावनी जारी की गई है। झारखंड और ओडिशा में 12 नवंबर को शीतलहर जैसी स्थिति बन सकती है।

दक्षिण भारत में बारिश का दौर

देश के दक्षिणी हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, केरल, माहे और लक्षद्वीप में कई स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।

दूसरी ओर, महाराष्ट्र और गुजरात में अगले तीन दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है। उत्तर-पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 से 3 डिग्री सेल्सियस कम रहने का अनुमान लगाया गया है, जिससे ठंड का असर और बढ़ सकता है।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp