मध्य प्रदेश की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है। भाजपा सरकार में मंत्री इंदर सिंह परमार द्वारा समाज-सुधारक राजा राम मोहन राय को “अंग्रेजों का दलाल” बताने के बाद कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि भाजपा अब लोकतंत्र और राष्ट्र के महान व्यक्तित्वों का अपमान खुलेआम करने लगी है। पटवारी ने आरोप लगाया कि भाजपा की आदत बन चुकी है कि वह संविधान, लोकतंत्र और देश के प्रेरक नायकों को नीचा दिखाए। उन्होंने कहा कि देश का जागरूक समाज इस राजनीति को ध्यान से देख रहा है और भाजपा को इसका राजनीतिक नुकसान तय है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने याद दिलाया कि राजा राम मोहन राय ने सती प्रथा खत्म करवाने, नारी उत्थान, शिक्षा और सामाजिक बुराइयों के खिलाफ कठिन संघर्ष किया था। ऐसे महापुरुष को “दलाल” कहना न सिर्फ इतिहास से धोखा है, बल्कि करोड़ों भारतीयों की भावनाओं को ठेस पहुँचाने जैसा है। पटवारी ने कहा कि नारी सम्मान की बातें करने वाली भाजपा को पहले अपने मंत्री की मानसिकता पर नज़र डालनी चाहिए।
दी चेतावनी
पटवारी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव से साफ-साफ पूछा कि क्या वे अपने मंत्री के बयान से सहमत हैं। उन्होंने कहा कि अगर मुख्यमंत्री वास्तव में असहमत हैं, तो मंत्री को तुरंत पद से हटाया जाए और उनसे देश से माफी दिलाई जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरकार चुप रही तो यह माना जाएगा कि पूरी भाजपा इस सोच का समर्थन कर रही है।
वे लोग, जिनके पूर्वज अंग्रेजों के आगे घुटने टेककर माफी मांगते रहे, अब महान व्यक्तित्वों पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर रहे हैं!
मोहन सरकार के मंत्री इंदर सिंह परमार ने राजा राम मोहन राय को अंग्रेजों का दलाल कहकर नारी उत्थान के महानायक का अपमान किया है! pic.twitter.com/XyPu5sbUbr
— MP Congress (@INCMP) November 16, 2025
कीमत लोकतांत्रिक तरीके से वसूल करेगी
कांग्रेस अध्यक्ष का कहना है कि भाजपा पहले भी संविधान निर्माताओं और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने वाले बयानों देती रही है। जो लोग आज राजा राम मोहन राय जैसे महान व्यक्तित्व को दलाल बता रहे हैं, वे ना इतिहास समझते हैं और ना ही समाज की पीड़ा। कांग्रेस ने साफ किया है कि वह समाज-सुधारकों और स्वतंत्रता सेनानियों की गरिमा बचाने के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी। पटवारी ने कहा कि नफरत की राजनीति, लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति अनादर और राष्ट्र के प्रेरक नायकों का अपमान इन सबको अब जनता बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेगी। अंत में पटवारी ने भाजपा को चेताया कि जनता हर घृणित बयान की कीमत लोकतांत्रिक तरीके से वसूल करेगी और अपने जवाब में कोई कमी नहीं छोड़ेगी।
