ग्वालियर के दीनदयाल नगर में चोरों ने एक सूना घर देखकर ऐसा हाथ मारा कि डॉक्टर के होश उड़ गए। घर का ताला टूटा मिला, सामान बिखरा पड़ा था और मंदिर से भगवान की मूर्तियाँ तक गायब थीं। मामला महाराजपुरा थाना क्षेत्र का है और CCTV फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है। 63 वर्षीय अजय भाले झांसी में डॉक्टर हैं और वहीं ड्यूटी करते हैं। ग्वालियर में उनका घर है जहां वे ज्यादातर अकेले ही रहते हैं। 10 नवंबर को वे झांसी के लिए निकले, दरवाज़े पर ताला जड़ा और जैसे ही रविवार को ड्यूटी खत्म कर वापस लौटे, सामने जो दृश्य था उसने उनकी रूह तक हिला दी।
घर का मेन गेट टूटा हुआ था, कमरे अस्त-व्यस्त पड़े थे और अलमारियाँ खुली हुई थीं। पहले तो उन्हें लगा शायद किसी जानवर ने कुछ गड़बड़ कर दी हो, लेकिन जैसे ही मंदिर पर नजर गई, मामला साफ हो गया। मंदिर में रखी चांदी की गणेश, हनुमान और लक्ष्मण जी की प्रतिमाएँ गायब थीं। इसके अलावा करीब 27 हजार रुपये नकद भी चोरी हो गए थे।
मौके पर पहुंची पुलिस
डॉक्टर ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। कुछ ही मिनटों में महाराजपुरा पुलिस मौके पर पहुँच गई और घर की तस्दीक करने के बाद मामला दर्ज कर लिया। इसके बाद आसपास लगे CCTV कैमरे खंगाले गए, और यहीं से पुलिस को बड़ी सुराग मिली। फुटेज में दो चोर साफ दिखाई दे रहे हैं। दोनों रात के समय दवे पांव आते हैं और पहले ताला तोड़ते हैं। इसके बाद एक-एक कर अंदर दाखिल होते हैं और बिना किसी जल्दबाजी के घर को पूरा खंगालते हैं। फुटेज देखकर साफ लगता है कि चोरों को पता था कि घर खाली है और वापस आने में समय लगेगा।
पुलिस अब फुटेज के आधार पर दोनों चोरों की तलाश में जुट गई है।
आरोपियों की तलाश जारी
इलाके में भी पूछताछ की जा रही है कि कहीं किसी ने संदिग्ध लोगों को आते-जाते तो नहीं देखा। स्थानीय लोग भी इस वारदात के बाद सहमे हुए हैं, क्योंकि चोर जिस इत्मीनान से आए और गए, उससे अंदाज़ा लग रहा है कि उन्हें आसपास की पूरी जानकारी थी। पुलिस ने कहा है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
