,

मॉडल खुशबू अहिरवार की मौत पर उबाल, भोपाल कलेक्टोरेट के बाहर सकल हिंदू समाज का धरना; उच्च स्तरीय जांच की मांग

Author Picture
Published On: 21 November 2025

भोपाल में मॉडल खुशबू अहिरवार की संदिग्ध मौत को लेकर शुक्रवार को माहौल तनावपूर्ण रहा। सकल हिंदू समाज और संत शिरोमणि गुरु रविदास विश्व महापीठ मध्यप्रदेश के आव्हान पर बड़ी संख्या में लोग कलेक्टोरेट के बाहर जमा हुए और जमकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि खुशबू की मौत साधारण हादसा नहीं, बल्कि गंभीर साजिश का नतीजा है, इसलिए इसकी उच्च स्तरीय जांच आवश्यक है।

धरने का नेतृत्व महापीठ के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) सूरज केरो ने किया। प्रदर्शनकारी हाथों में पोस्टर लेकर न्याय की मांग कर रहे थे। सभी का सीधा आरोप था कि खुशबू को न सिर्फ प्रताड़ित किया गया, बल्कि उसकी मौत को छिपाने की कोशिश भी की गई। समाजजन ने मांग उठाई कि खुशबू के परिवार को तत्काल सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए, क्योंकि मामला बेहद संवेदनशील है और परिजन मानसिक रूप से बेहद कमजोर स्थिति में हैं।

कौन थी खुशबू अहिरवार?

पुलिस के अनुसार, 27 वर्षीय खुशबू अहिरवार उर्फ खुशी वर्मा पिछले कुछ समय से कासिम नाम के युवक के साथ लिव-इन में रह रही थी। बताया गया कि खुशबू की तबीयत बिगड़ने पर वही उसे अस्पताल छोड़ गया और फिर मौके से गायब हो गया। अस्पताल की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। खुशबू पढ़ाई के दौरान BA फर्स्ट ईयर तक पहुंची थी, लेकिन बाद में पढ़ाई छोड़कर मॉडलिंग में करियर बनाने लगी। तीन साल से भोपाल में रह रही खुशबू कई स्थानीय ब्रांड्स के लिए शूट कर चुकी थी। वह अक्सर अपनी मां से कहती थी कि वह इस इंडस्ट्री में नाम कमाकर आगे बढ़ना चाहती है। पार्ट टाइम जॉब से वह अपना खर्च खुद उठाती थी।

जांच और कार्रवाई की मांग

धरने में मौजूद लोगों का आरोप है कि खुशबू को “अनैतिक कृत्यों” के जरिए प्रताड़ित कर मौत के घाट उतार दिया गया। इस मामले में लव जिहाद का कोण भी उठाया गया और कहा गया कि दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। संगठन का कहना है कि पुलिस को निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लानी चाहिए। धरने के बाद प्रदर्शनकारी एडीएम अंकुर मेश्राम से मिले और मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई है कि पूरे मामले की SIT या किसी वरिष्ठ अधिकारी के माध्यम से जांच कराई जाए, ताकि किसी भी तरह की लीपापोती न हो।

धरने में हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी, प्रदेश अध्यक्ष बारेलाल अहिरवार, जिला पंचायत उपाध्यक्ष मोहन सिंह जाट, चेतन भार्गव सहित कई प्रमुख लोग मौजूद थे। प्रदर्शन के दौरान पुलिस भी सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रही। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो विरोध आंदोलन को और बड़ा रूप दिया जाएगा।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp