भोपाल के प्रसिद्ध अपर लेक में 45वीं जूनियर नेशनल रोविंग चैंपियनशिप और 8वीं इंटर-स्टेट चैलेंजर्स प्रतियोगिता की शुरुआत हो गई। यह आयोजन 26 से 30 नवंबर तक चलेगा। देश के 23 राज्यों से करीब 400 खिलाड़ी भोपाल पहुंचे हैं, जिनमें हरियाणा, पंजाब, महाराष्ट्र, तेलंगाना और केरल जैसे बड़े राज्यों के खिलाड़ी भी शामिल हैं। उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि खेल विभाग लगातार नए कीर्तिमान बना रहा है और इस आयोजन की मेजबानी प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि हम न सिर्फ चैंपियनशिप होस्ट कर रहे हैं, बल्कि रोविंग में नेशनल चैंपियन भी हैं। यह हमारे लिए डबल जिम्मेदारी और डबल खुशी है।
कार्यक्रम में मंत्री विश्वास सारंग भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि वॉटर स्पोर्ट्स की बात करें तो भोपाल की बड़ी झील देश में सबसे सुंदर और उपयुक्त स्थल है। सारंग ने उम्मीद जताई कि यह आयोजन खेल इतिहास में एक बड़े महाकुंभ की तरह याद किया जाएगा।
2 कैटेगरी में हो रही प्रतियोगिता
इस प्रतियोगिता में जूनियर और इंटर-स्टेट दोनों श्रेणियों की स्पर्धाएं शामिल हैं। खिलाड़ी आधुनिक रोइंग बोट्स के जरिए अपनी गति और तकनीक का प्रदर्शन कर रहे हैं। पहले दिन प्रतिभागियों ने लेक का निरीक्षण किया और प्रैक्टिस आउटिंग की। पानी में चिन्हांकन, सुरक्षा टीम और टेक्निकल सपोर्ट की सभी तैयारियां पहले से पूरी थीं। खेल विभाग और रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के सहयोग से पूरा आयोजन अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार किया गया है। बोट हाउस, वार्म-अप ज़ोन, मेडिकल सहायता, रेस ट्रैक और सुरक्षा व्यवस्था की विशेष निगरानी की जा रही है, ताकि खिलाड़ियों को सुरक्षित और निष्पक्ष माहौल मिल सके।
आज ‘8वीं इंटर स्टेट चैलेंजर्स एवं 45वीं जूनियर नेशनल रोइंग चैंपियनशिप’ का भव्य शुभारंभ हुआ। खेलों को नई ऊर्जा और प्रोत्साहन देने के लिए मध्यप्रदेश सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। इस पूरे आयोजन के लिए शुभकामनाएं : CM@DrMohanYadav51 @MP_DSYW #CMMadhyaPradesh #Bhopal pic.twitter.com/ZhEX79AmvR
— Chief Minister, MP (@CMMadhyaPradesh) November 26, 2025
अपर लेक बना हॉटस्पॉट
अपर लेक पहले भी कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय वॉटर स्पोर्ट्स इवेंट सफलतापूर्वक होस्ट कर चुका है। इसी वजह से इसे रोविंग प्रतियोगिताओं के लिए आदर्श स्थान माना जाता है। इस बार भी आयोजन की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर खास ध्यान दिया गया है, ताकि खिलाड़ियों और दर्शकों को बेहतरीन अनुभव मिल सके। मंत्री सारंग ने कहा कि यह आयोजन मध्यप्रदेश की खेल क्षमता का संदेश पूरे देश में पहुंचाएगा। इससे युवा खिलाड़ियों को बड़ा मंच मिलेगा और राज्य में खेल-पर्यटन को भी नई दिशा मिलेगी।
वॉटर स्पोर्ट्स का हब बनता मध्यप्रदेश…
माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी के मुख्य आतिथ्य में आज मध्यप्रदेश वॉटर स्पोर्ट्स अकादमी, बड़े तालाब (भोपाल) में खेल एवं युवा कल्याण विभाग एवं भारतीय रोइंग संघ के तत्वावधान में आयोजित पांच दिवसीय ‘8वीं इंटर स्टेट चैलेंजर्स एवं 45वीं… pic.twitter.com/LGAhaj5FV2
— विश्वास कैलाश सारंग (@VishvasSarang) November 26, 2025
आगे बढ़ने का मौका
जूनियर रोवर राज कंवरिया ने कहा कि यह प्रतियोगिता उन्हें आगे बढ़ने का मौका देगी और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं तक पहुंचने की प्रेरणा मिलेगी। वहीं, मध्यप्रदेश के भगीरथ कुशवाहा ने कहा कि उनका लक्ष्य गोल्ड मेडल जीतकर एशियन गेम्स तक अपनी जगह पक्की करना है। उन्होंने कहा कि हमारे कोच लगातार हमें प्रोत्साहित करते हैं और हम पूरी मेहनत से आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे हैं।
