उज्जैन की बेटी आयशा सना कुरैशी ने विदेश में भारत का परचम लहराते हुए मिस इंडिया पोलैंड-2025 का ताज अपने नाम कर लिया। पोलैंड में आयोजित प्रतियोगिता में आयशा ने अपने आत्मविश्वास, कला और व्यक्तित्व से सभी का दिल जीत लिया। जीत की खबर जैसे ही उज्जैन पहुंची, परिवार से लेकर शहरवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई। 23 नवंबर को पोलैंड में आयोजित इस प्रतियोगिता में देश–विदेश की प्रतिभाशाली प्रतिभागियों के बीच कड़ी टक्कर थी।
आयशा ने न केवल ग्लैमरस रेम्प वॉक से प्रभावित किया, बल्कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ एक्ट के दौरान अपनी परफॉर्मेंस से जजों को भी चौंका दिया। हर राउंड में उनका प्रदर्शन शानदार रहा और अंत में ताज उनके सिर सजा। अब आयशा न्यूयॉर्क में होने वाली मिस इंडिया वर्ल्डवाइड-2026 में पोलैंड का प्रतिनिधित्व करेंगी।
सफर नहीं था आसान
आयशा मूल रूप से उज्जैन के आदर्श नगर नागझिरी की रहने वाली हैं। उनकी शुरुआती पढ़ाई सेंट पॉल स्कूल में हुई। बाद में एमआईटी कॉलेज से इंजीनियरिंग पूरी की। 2015 में उनका चयन एक अमेरिकी आईटी कंपनी में हुआ, जिसके बाद करियर उन्हें विदेश ले गया। 2019 में उन्होंने पोलैंड जॉइन किया और वर्तमान में वह एक नामी आईटी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। नौकरी के साथ मॉडलिंग और एक्टिंग को समय देना उनके लिए हमेशा चुनौती रहा, लेकिन उन्होंने अपने सपने को कभी टूटने नहीं दिया।
बचपन का सपना पूरा
जीत के बाद आयशा के पिता मुक्तदिर खालिद कुरैशी और मां जरका बेहद भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि आयशा बचपन से ही पढ़ाई में तेज थीं और साथ ही एक्टिंग व मॉडलिंग में गहरी रुचि रखती थीं। परिवार ने कभी उनके सपनों पर रोक नहीं लगाई। माता-पिता का कहना है कि आयशा का लक्ष्य हमेशा से मिस इंडिया बनना था और आज उसने पोलैंड के मंच पर भी भारत को गौरवान्वित किया है।
शहरवासियों में गर्व की भावना
आयशा की सफलता ने उज्जैन का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमका दिया है। सोशल मीडिया पर बधाइयों का सिलसिला जारी है। स्थानीय लोग इसे शहर की बेटियों के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बता रहे हैं। अब सबकी नजरें न्यूयॉर्क में होने वाली मिस इंडिया वर्ल्डवाइड-2026 पर हैं, जहां आयशा भारत और पोलैंड दोनों का गौरव बढ़ाने के लिए मंच पर उतरेगी।
