राजधानी भोपाल में अगले साल होने वाले भोपाल लिटरेचर एंड आर्ट फेस्टिवल (BLF) का आठवां संस्करण इस बार भी छात्रों के लिए खास होने वाला है। फेस्टिवल में फिर से वह प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है, जिसका इंतजार छात्रों को हर साल रहता है। बीएलएफ-मंजुल पोएट्री राइटिंग कॉन्टेस्ट। यह प्रतियोगिता युवा प्रतिभाओं को मौका देने और उन्हें राष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाने के लिए जानी जाती है।
यह फेस्टिवल 9 से 11 जनवरी 2026 तक भारत भवन में आयोजित होगा। तीन दिनों तक चलने वाला यह कार्यक्रम राजधानी में साहित्य और कला का बड़ा उत्सव बन जाता है। देश के अलग-अलग हिस्सों से करीब 100 जाने-माने साहित्यकार, लेखक, उद्यमी, प्रबंधन विशेषज्ञ और वरिष्ठ अधिकारी इसमें शामिल होंगे। किताबों से लेकर कला तक, इस फेस्टिवल में हर उम्र और रुचि के लोगों के लिए लगभग 50 सत्र रखे जाएंगे।
प्रतियोगिता में भागीदारी
- कक्षा 9 से 12 के छात्र
- कॉलेज के UG और PG छात्र
कविता का विषय दो विकल्पों में दिया गया है
(A) भारतीय सैनिक
(B) उमंग
कविता अधिकतम 30 पंक्तियों या एक पेज की होनी चाहिए और इसे PDF फॉर्मेट में अपलोड करना होगा। किसी भी तरह का चित्र, डिजाइन या स्कूल-कॉलेज का नाम इसमें नहीं होना चाहिए।
25 दिसंबर तक भेज सकेंगे एंट्री
प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 25 दिसंबर 2025 रात 10 बजे रखी गई है। आवेदन सिर्फ BLF की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। आयोजकों ने बताया कि इस बार भी बड़ी संख्या में छात्रों के हिस्सा लेने की उम्मीद की जा रही है। आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता में इस बार 40 तक नगद पुरस्कार और प्रमाणपत्र दिए जाएंगे। विजेताओं की घोषणा 6 जनवरी 2026 तक प्रतिभागियों को ईमेल और मोबाइल नंबर के जरिए कर दी जाएगी। खास बात यह है कि चयनित प्रतिभागियों को 11 जनवरी को दोपहर 1:30 बजे, भारत भवन के मंच पर अपनी कविता पढ़ने का अवसर भी मिलेगा।
छात्रों के लिए बड़ा मंच
फेस्टिवल के निदेशक राघव चंद्रा ने कहा कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्रों में लेखन कौशल को बढ़ावा देना है। उनके मुताबिक कि विजेताओं को न केवल सम्मान दिया जाएगा, बल्कि मंच से कविता पढ़ने का मौका भी मिलेगा। इससे छात्रों की लिखने और प्रस्तुत करने, दोनों प्रतिभाओं को पहचान मिलेगी। मंजुल पब्लिशिंग हाउस के प्रबंध निदेशक विकास राखेजा ने कहा कि यह पहल युवाओं में पढ़ने की आदत और साहित्य के प्रति रुचि बढ़ाने का महत्वपूर्ण प्रयास है। उनके अनुसार, मंच पर पहुंचना किसी भी युवा कवि के लिए बड़ी उपलब्धि होती है।
