मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार से खजुराहो के दो दिवसीय दौरे पर हैं। इस दौरान वे विभागीय समीक्षा बैठकों में हिस्सा ले रहे हैं और छतरपुर जिले में करोड़ों रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन व लोकार्पण करेंगे। पूरे दौरे के केंद्र में बुंदेलखंड का विकास, निवेश को बढ़ावा और सामाजिक योजनाओं की प्रगति रही। मुख्यमंत्री इस दौरे में लगभग 510 करोड़ 65 लाख रुपये की लागत वाले 29 निर्माण एवं विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे। अधिकारियों के अनुसार, यह पिछले कुछ वर्षों में इस क्षेत्र में एक साथ होने वाले सबसे बड़े विकास पैकेजों में से एक है।
सीएम ने खजुराहो के कन्वेंशन सेंटर में विभागों की समीक्षा बैठकों का सिलसिला शुरू किया। दिनभर में खाद्य, नागरिक आपूर्ति, वाणिज्यिक कर, पशुपालन, नगरीय विकास, जनजातीय कार्य, अनुसूचित जाति कल्याण और एमएसएमई सहित कई महत्वपूर्ण विभागों की समीक्षा की गई। बैठकें मिनट-टू-मिनट तय कार्यक्रम के अनुसार चलीं।
बुंदेलखंड पर खास नजर
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह ने खजुराहो पहुंचकर कहा कि मुख्यमंत्री की प्राथमिकता में बुंदेलखंड सबसे ऊपर है। उन्होंने कहा कि पहले निवेशक सम्मेलन केवल प्रदेश स्तर पर होते थे, लेकिन अब इन्हें संभागीय स्तर तक बढ़ाया गया है। उन्होंने सागर, निवाड़ी और छतरपुर में बड़े औद्योगिक प्लांट लगाने की संभावनाएं भी बताईं। मुख्यमंत्री के स्वागत में राज नटराज लोककला मंडल की 14 सदस्यीय टीम ‘जबारा’ लोकनृत्य प्रस्तुत करेगी। यह बुंदेलखंड की पारंपरिक कला है, जिसे नवरात्रि के समय अच्छी फसल की कामना के लिए किया जाता है।
साउंड एंड लाइट शो में होंगे शामिल
बैठकों के बाद सीएम आदिवर्त जनजातीय संग्रहालय में आयोजित साउंड एंड लाइट शो में शामिल होंगे। वे संग्रहालय परिसर का भ्रमण भी करेंगे। रात का विश्राम खजुराहो में ही निर्धारित है। 9 दिसंबर की सुबह मुख्यमंत्री पन्ना टाइगर रिजर्व में जंगल सफारी करेंगे। इसके बाद वे खजुराहो कन्वेंशन सेंटर में मंत्रिपरिषद की बैठक की अध्यक्षता करेंगे, जिसमें कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर निर्णय लिए जाएंगे।
दौरे के अंतिम चरण में सीएम राजनगर के सत्ती की मड़िया खेल परिसर में आयोजित लाडली बहना सम्मेलन में शामिल होंगे और योजना की राशि हितग्राहियों के खातों में ट्रांसफर करेंगे। इसी कार्यक्रम में कई विकास कार्यों का उद्घाटन और भूमिपूजन भी किया जाएगा।
