सर्दियों का मौसम आते ही बाज़ार में ताज़ी-ताज़ी सब्जियाँ दिखाई देने लगती हैं। खासकर गोभी! गोभी की सब्ज़ी, परांठे, पकौड़े तो हम अक्सर बना लेते हैं, लेकिन आज हम कुछ बिलकुल अलग और मजेदार बनाने वाले हैं, गोभी का चीला। चीला वैसे तो बेसन या मूंग दाल से बनाया जाता है, लेकिन इसमें अगर गोभी की कुरकुरी और ताज़गी भरी खुशबू मिल जाए, तो बात ही कुछ और हो जाती है। यह रेसिपी खासकर उन लोगों के लिए एकदम परफेक्ट है जो सुबह के नाश्ते में कुछ हल्का, जल्दी बनने वाला और हेल्दी खाना चाहते हैं।
गोभी का चीला न सिर्फ़ बनाने में आसान है, बल्कि बच्चों को भी बहुत पसंद आता है क्योंकि इसका टेस्ट पैनकेक जैसा होता है बस इंडियन स्टाइल में! इसमें ढेर सारे मसाले, हरी सब्ज़ियाँ और गोभी की क्रंच इसे बेहद खास बनाते हैं। ऊपर से, यह डिश ऑयल भी कम लेती है, इसलिए फिटनेस लवर्स के लिए भी परफेक्ट है। चलिये शुरू करते हैं इस आसान, टेस्टी और विंटर स्पेशल रेसिपी को बनाना।
आवश्यक सामग्री
बेसन – 1 कप
सूजी – 2 बड़े चम्मच (टेक्सचर के लिए)
पानी – जरूरत के अनुसार
नमक स्वादानुसार
हल्दी – ¼ छोटा चम्मच
लाल मिर्च पाउडर – ½ छोटा चम्मच
अजवाइन – ½ छोटा चम्मच
हरी मिर्च – 1 बारीक कटी
अदरक का पेस्ट – 1 छोटा चम्मच
गोभी व सब्ज़ियों के लिए:
गोभी – 1 कप (कद्दूकस की हुई)
प्याज़ – 1 बारीक कटा
हरा धनिया – 2 बड़े चम्मच
शिमला मिर्च – ¼ कप बारीक कटी (ऐच्छिक)
काली मिर्च – ¼ छोटा चम्मच
पकाने के लिए
थोड़ा सा तेल/घी
बेसन का घोल तैयार करना
- सबसे पहले एक बड़े बाउल में बेसन और सूजी डालें। इन दोनों को अच्छी तरह मिक्स करने के बाद इसमें नमक, हल्दी, लाल मिर्च, अजवाइन, हरी मिर्च और अदरक पेस्ट डालें।
- अब धीरे-धीरे पानी डालते हुए घोल को मिक्स करें। घोल न बहुत पतला होना चाहिए और न बहुत गाढ़ा ठीक उतना कि चम्मच से आसानी से तवे पर फैले।
- सूजी डालने से चीला बाहर से हल्का कुरकुरा और अंदर से सॉफ्ट बनता है, इसलिए इसे जरूर मिलाएं।
- घोल तैयार होने के बाद इसे 5–7 मिनट के लिए रख दें।
सब्ज़ियों की तैयारी
- गोभी को कद्दूकस करके हल्का सा निचोड़ लें ताकि ज्यादा पानी घोल में न जाए।
- अब बेसन के घोल में गोभी, प्याज़, शिमला मिर्च (अगर डालना चाहें), हरा धनिया और काली मिर्च डालकर अच्छी तरह मिक्स करें।
- ये सारी सब्ज़ियाँ चीले को रंग, स्वाद और खुशबू तीनों देती हैं।
गोभी का चीला बनाना
- तवा गरम करें और थोड़ा सा तेल हल्का-हल्का फैलाएं।
- अब एक कलछी घोल लें और तवे पर डालकर गोल आकार में फैलाएं।
- चीला फैलाते समय तवा बहुत ज्यादा गरम न हो, वरना सही तरीके से नहीं फैलेगा।
- धीमी से मध्यम आँच पर चीले को पकने दें। ऊपर से हल्का सा तेल डालें ताकि दोनों तरफ से अच्छा सा गोल्डन रंग आ जाए।
- जब निचली सतह सुनहरी हो जाए, चीले को पलट दें और दूसरी तरफ भी अच्छे से सेक लें।
- चीला जितना पतला होगा, उतना ही क्रिस्पी और टेस्टी बनेगा।
- 2–3 मिनट में आपका गोभी का चीला तैयार हो जाएगा।
सर्व करने का तरीका
- गोभी का चीला गर्मागर्म खाया जाए तो इसका स्वाद दोगुना हो जाता है।
- इसे आप इनके साथ परोस सकते हैं: हरी चटनी, टमाटर की चटनी, दही, स्कीम या मसाला चाय
- अगर बच्चों के लिए बना रहे हैं तो ऊपर थोड़ा सा बटर लगाकर दे सकते हैं, बहुत पसंद करेंगे!
उपयोगी टिप्स
- गोभी का पानी निकालकर ही घोल में डालें, वरना बैटर बहुत पतला हो जाएगा।
- अगर आप लो-ऑयल चीला चाहते हैं, तो नॉन-स्टिक तवा सबसे अच्छा रहता है।
- घोल में थोड़ा सा कसूरी मेथी डालेंगे तो फ्लेवर और बढ़ जाएगा।
- बेसन की जगह आधा बेसन और आधा ओट्स भी मिला सकते हैं इससे हेल्थ फैक्टर बढ़ जाता है।
