,

भोपाल सिनेप्लेक्स में मारपीट का वीडियो वायरल, धुरंधर के शो के दौरान हंगामा

Author Picture
Published On: 9 December 2025

भोपाल के मिसरोद क्षेत्र स्थित आशिमा मॉल के सिनेप्लेक्स में फिल्म धुरंधर का शो चल रहा था। पर्दे पर भावनात्मक सीन चलते-चलते अचानक हॉल का माहौल बदल गया। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में दिख रहा है कि दर्शकों के बीच जोरदार झूमाझटकी शुरू हो गई। कुछ लोग सीटों के बीच खड़े होकर एक-दूसरे को धक्का देते और चीखते नजर आए।

मिसरोद थाना प्रभारी रतन सिंह परिहार के अनुसार, हंगामे की शुरुआत कुछ युवकों की हरकत से हुई, जो कथित तौर पर नशे में थे। फिल्म के शांत माहौल के बीच ये युवक सीटियां बजा रहे थे, तेज आवाज में बातें कर रहे थे और शोर मचा रहे थे। पीछे बैठे परिवारों ने जब आपत्ति जताई तो बहस शुरू हो गई। थोड़ी ही देर में स्थिति इतनी बिगड़ी कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।

कहासुनी हुई तेज

हॉल में मौजूद कई परिवारों को व्यवहार आपत्तिजनक लगा। उन्होंने युवकों को शांत रहने की सलाह दी, लेकिन मामला शांत होने के बजाय उल्टा तूल पकड़ गया। वीडियो में दिखता है कि कई दर्शक बीच-बचाव की कोशिश कर रहे हैं, जबकि कुछ लोग सीटों के बीच चीखते हुए एक-दूसरे को धक्का मारते दिखे। कुछ सेकंड में ही माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण हो गया। घटना का वीडियो वायरल होने के बावजूद अब तक किसी भी दर्शक ने मिसरोद पुलिस से शिकायत नहीं की है। थाना प्रभारी रतन सिंह परिहार ने बताया कि केवल वीडियो के आधार पर कार्रवाई संभव नहीं है। न तो सिनेप्लेक्स प्रबंधन और न ही किसी पक्ष से कोई आवेदन मिला है। शिकायत मिलते ही कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।

प्रबंधन की चुप्पी

हंगामे से जुड़े वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर फैल रहे हैं, लेकिन सिनेप्लेक्स प्रबंधन की ओर से अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। कई स्थानीय लोग इस घटना पर टिप्पणी करते हुए कह रहे हैं कि थिएटरों में सुरक्षा और निगरानी बढ़ाई जानी चाहिए, ताकि परिवारों को असुविधा न हो और ऐसी स्थितियां न बनें। घटना के समय मौजूद कुछ दर्शकों ने ऑनलाइट प्लेटफॉर्मों पर लिखा कि वे अपने परिवार के साथ फिल्म देखने गए थे, लेकिन अचानक हुए विवाद से बच्चे डर गए। कई लोग बिना फिल्म पूरी किए ही बाहर निकल आए।

पुलिस वीडियो की सत्यता का परीक्षण कर रही है, लेकिन औपचारिक शिकायत के अभाव में मामला आगे नहीं बढ़ पा रहा। अधिकारी कहते हैं कि यदि सिनेप्लेक्स प्रबंधन सुरक्षा नियमों के उल्लंघन या किसी खास पक्ष के खिलाफ लिखित शिकायत देता है, तो ही आगे की कार्रवाई संभव है।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp