मनीष मल्होत्रा एक ऐसा नाम है, जिसकी फैशन और एक्टिंग की दुनिया में तूती बोलती है। अगर स्टाइलिश कपड़ों की बात की जाए या फिर यह सोचा जाए कि बॉलीवुड सेलिब्रिटीज इतने सजे धजे कैसे दिखते हैं तो उन्हें स्टाइल करने वाले फैशन डिजाइनर की लिस्ट में मनीष मल्होत्रा का नाम टॉप पर आता है। अपने बेहतरीन काम की बदौलत उन्होंने फिल्मी दुनिया के सितारों के बीच खास पहचान बनाई है।
मनीष का रिश्ता केवल फैशन डिजाइनिंग से ही नहीं बल्कि बॉलीवुड इंडस्ट्री से भी काफी गहरा है। जब वह स्कूल में पढ़ाई कर रहे थे तब हर शुक्रवार उन्हें नई फिल्म के आने का इंतजार रहता था। आज उनका नाम टॉप पर जरूर है लेकिन यहां तक पहुंचने के लिए उन्होंने काफी मेहनत की है। चलिए हम आपको उनकी लाइफ के स्ट्रगल से रुबरु करवाते हैं।
केवल 500 रुपए कमाते थे मनीष
मनीष मल्होत्रा आज के समय में करोड़ों रुपए कमा रहे हैं लेकिन इस समय ऐसा था जब वह एक बुटीक में काम किया करते थे और वहां से उन्हें ₹500 सैलरी मिला करती थी। वह दिन भर कपड़े फोल्ड करते और कस्टमर को कपड़े दिखाने का काम करते थे। किसी ने सोचा भी नहीं होगा कि बुटीक में कपड़े फोल्ड कर रहा है यह लड़का एक दिन देश का सबसे नामी फैशन डिजाइनर बन जाएगा। एक छोटे से बुटीक से अपना सफर शुरू करने के बाद वह आज मुंबई, दिल्ली, लंदन और दुबई तक अपने ब्रांड को पहुंचा चुके हैं।
बचपन से था फिल्मों का शौक
मनीष ने खुद एक इंटरव्यू के दौरान यह बताया था कि उन्हें बचपन से ही फिल्मों का काफी जुनून था। जब दसवीं में पढ़ते थे तो हर शुक्रवार नई फिल्म आने का इंतजार किया करते थे। पढ़ाई लिखाई में तो ज्यादा मन नहीं था लेकिन कागज पेंसिल और रंगों से उन्हें बहुत लगाव था। मां जब भी बाजार में साड़ी खरीदने जाती थी तब वह भी जाया करते थे। वह अपनी मां को खुद की पसंद की साड़ी दिलाते थे और उनकी मां को वह भा जाती थी। यहीं से फैशन की प्रति उनका लगाव बढ़ता चला गया।
घंटों करते थे स्कैच
फैशन के प्रति लगाव में मनीष की सबसे पहले प्रेरणा उनकी मां थी। उन्होंने कभी भी अपने बेटे को नहीं रोका और हमेशा उनका हौसला बढ़ाती रही। स्कूल की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने बुटीक में नौकरी करना शुरू किया। यहां पर वो दिन भर कस्टमर को कपड़े दिखाते। उन्हें फोल्ड करते और बचे हुए टाइम में घंटे बैठकर स्केच करते और डिजाइन पन्ने पर उकेरते।
View this post on Instagram
इस फिल्म से हुई शुरुआत
मनीष फैशन इंडस्ट्री में काम की शुरुआत कर चुके थे और साल 1990 में आई गोविंदा जूही चावला और राजेश खन्ना की फिल्म स्वर्ग उनके लिए एक बड़ा मौका बन गई। 25 साल की उम्र में उन्हें अपना पहला ब्रेक मिला। फिल्मों में उनके काम को पसंद किया गया और इसके बाद वह कभी भी पीछे नहीं मुड़े। गुमराह और रंगीला जैसे फिल्मों के कॉस्ट्यूम उन्होंने डिजाइन किए।
इन फिल्मों का बने हिस्सा
मनीष केवल एक या दो नहीं बल्कि कई फिल्मों का हिस्सा बने। उन्हें दिल वाले दुल्हनिया के जाएंगे, कभी अलविदा ना कहना, ऐ दिल है मुश्किल, स्टूडेंट ऑफ़ द ईयर समेत कई फिल्मों का हिस्सा बनते हुए देखा गया। आज वह एक जाना पहचाना नाम है और देश की नामचीन हस्तियों के कपड़े डिजाइन करते हैं।
