, ,

MP News: सागर में दो बड़े हादसे, ढाना एयरस्ट्रिप पर ट्रेनर विमान क्रैश; NH-44 पर 4 जवानों की मौत

Author Picture
Published On: 10 December 2025

MP के सागर जिले में बुधवार का दिन लगातार दो गंभीर हादसों का साक्षी बना। दोपहर ढाना एयरस्ट्रिप पर चाइम्स एविएशन एकेडमी का एक ट्रेनर एयरक्राफ्ट लैंडिंग के दौरान अचानक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान की नोज जोरदार तरीके से जमीन से टकरा गई, जिससे रनवे पर मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। घटना के तुरंत बाद एयरस्ट्रिप के तकनीकी कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर ट्रेनी पायलट को सुरक्षित बाहर निकाला। पायलट को प्राथमिक उपचार के लिए मेडिकल रूम ले जाया गया और फिर एम्बुलेंस से अस्पताल भेजा गया। डॉक्टरों के अनुसार, पायलट खतरे से बाहर है। फिलहाल उनका नाम आधिकारिक रूप से सामने नहीं आया है। हादसा करीब दोपहर तीन बजे हुआ था।

इसी दिन सुबह करीब चार बजे सागर जिले के बांदरी और मालथोन के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर हुए भीषण हादसे में मुरैना के बम निरोधक दस्ते के चार जवानों की मौत हो गई और एक अन्य पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दल एक आधिकारिक मिशन पर था और पुलिस की गाड़ी बम डिटेक्शन दस्ते के उपकरणों के साथ मुरैना से सागर की ओर जा रही थी।

ट्रक से टकराई पुलिस वाहन

बांदरी थाने के प्रभारी निरीक्षक सुमेर जगत के अनुसार, पुलिस वाहन राजमार्ग पर गलत दिशा में खड़े एक कंटेनर ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चार जवानों की मौके पर मौत हो गई। शुरुआती जांच में संभावना जताई जा रही है कि हादसा वाहन चालक का नियंत्रण खोने के कारण हुआ। मृतकों की पहचान प्रद्युम्न दीक्षित, अमन कौरव, ड्राइवर परमलाल तोमर ये तीनों मुरैना जिले के निवासी और डॉग मास्टर विनोद शर्मा, निवासी भिंड, के रूप में हुई है। हादसे में गंभीर रूप से घायल कांस्टेबल राजीव चौहान को तुरंत भोपाल के बंसल अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। दल के साथ मौजूद डॉग स्क्वाड का कुत्ता सुरक्षित बताया गया है।

जांच जारी

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क से हटाकर यातायात बहाल किया गया। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है और ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। दोनों हादसों ने सागर जिले में तनाव और चिंता का माहौल पैदा कर दिया है।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp