,

इंदौर के गुटखा कारोबारी किशोर वाधवानी पर 2002 करोड़ का टैक्स डिमांड, MP में अब तक का सबसे बड़ा नोटिस

Author Picture
Published On: 11 December 2025

टैक्स चोरी के एक बड़े मामले में इंदौर के गुटखा कारोबारी किशोर वाधवानी और उनसे जुड़े समूहों पर सेंट्रल जीएसटी एंड एक्साइज कमिश्नरेट ने 2002 करोड़ रुपये का नोटिस जारी किया है। इसे मध्यप्रदेश में टैक्स चोरी के इतिहास का सबसे बड़ा डिमांड नोटिस बताया जा रहा है। नोटिस में एक्साइज ड्यूटी के रूप में ही 75 करोड़ रुपये का बकाया जोड़ा गया है। 4 साल पहले वाधवानी समूह की कई गुटखा फैक्टरियों पर जीएसटी विभाग ने छापे मारे थे। जांच में सामने आया था कि वर्ष 2017 से 2020 के बीच बड़े स्तर पर उत्पादों की गलत घोषणा और टैक्स को छुपाने की अनियमितताएँ की गईं। इसी आधार पर विभाग ने एलोरा टोबेको, दबंग दुनिया पब्लिकेशन, वाधवानी और उनसे जुड़े अन्य लोगों पर कार्रवाई की है।

कोर्ट ने लगाई फटकार

नोटिस मिलने के बाद वाधवानी और एलोरा ग्रुप कोर्ट पहुंचे थे, लेकिन उन्हें राहत नहीं मिली। सुप्रीम कोर्ट ने सीधे तौर पर केस खारिज कर दिया। वहीं, हाईकोर्ट ने भी याचिका को बेवजह लंबा खींचने की कोशिश मानते हुए याचिकाकर्ता पर दो लाख रुपये का जुर्माना लगाया। कोर्ट ने टिप्पणी की थी कि जांच में सहयोग करने के बजाय मामले को उलझाने की कोशिश की गई।

कोरोना लॉकडाउन के दौरान वाधवानी समूह की बिक्री असामान्य रूप से बढ़ गई थी। देशभर में पाबंदियों के बीच गुटखे की मांग अचानक इतनी बढ़ी कि इंदौर से अन्य राज्यों में बड़ी मात्रा में माल भेजा गया। विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, उसी दौरान भारी टैक्स चोरी को अंजाम दिया गया।

परिवहन अनुमति की आड़ में बड़ा खेल

लॉकडाउन के समय ट्रांसपोर्टेशन पास का दुरुपयोग कर कई ट्रकों में गुटखा बाहर भेजा गया। बाद में जांच में पाया गया कि अनुमति लेने का उद्देश्य आवश्यक वस्तुओं का परिवहन बताया गया, लेकिन इसका इस्तेमाल गुटखा सप्लाई के लिए किया गया। इस मामले में इंदौर में परिवहन अनुमति जारी करने वाले एक अधिकारी पर भी कार्रवाई हुई थी। टैक्स चोरी की जानकारी मिलने के बाद जीएसटी टीम ने अचानक छापेमारी की थी। छापों में मिले दस्तावेज और स्टॉक रिकॉर्ड से बड़े पैमाने पर अनियमितताएँ उजागर हुई थीं। उन्हीं दिनों किशोर वाधवानी को गिरफ्तार भी किया गया था। अब इस पूरे प्रकरण में जारी 2002 करोड़ रुपये का नोटिस मामले को फिर सुर्खियों में ले आया है।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp