MP सरकार के दो वर्ष पूरे होने पर इस बार उत्सव का माहौल खास रहेगा। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बताया कि 13 दिसंबर को भोपाल और 14 दिसंबर को इंदौर में बड़े कार्यक्रम होंगे, जिनमें सरकार की उपलब्धियों, नई नीतियों और जनता के हित में लिए गए फैसलों को साझा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बीते दो वर्षों में गरीब, किसान, महिला और युवाओं के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं, जिनका असर जमीनी स्तर पर दिखने लगा है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि प्रदेश की इंडस्ट्रियल ग्रोथ रेट इस समय देश में सबसे अधिक है। उनके अनुसार, उद्योगों के लिए निवेश माहौल तैयार करने, नीतियों को सरल बनाने और युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है।
यही वजह है कि नए प्लांट, छोटे उद्योग और स्टार्टअप प्रदेश में तेजी से खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि हर जिले में रोजगार के नए अवसर बढ़ें और युवाओं को बड़े शहरों पर निर्भर न रहना पड़े।
सिंचाई क्षमता दोगुनी करने का प्रयास
किसानों को लेकर सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान और अन्य जल परियोजनाओं के माध्यम से सिंचाई का रकबा दोगुना करने पर ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कृषि उत्पादन बढ़ाने और किसानों की आमदनी सुधारने के लिए सिंचाई सुविधा सबसे महत्वपूर्ण है, इसलिए बड़े पैमाने पर नहरों, बांधों और जल संरचनाओं पर काम तेजी से चल रहा है।
सुशासन पर ज़ीरो टॉलरेंस
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि प्रदेश में सुशासन सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि अच्छे काम में सरकार हमेशा साथ खड़ी रहेगी, लेकिन यदि कहीं भी भ्रष्टाचार, लापरवाही या अनुशासनहीनता दिखी तो उसे बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि पिछले दिनों नक्सलवाद के खिलाफ प्रदेश ने बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं। बालाघाट में नक्सलियों के बड़े सरेंडर को उन्होंने प्रदेश में कानून-व्यवस्था की मजबूती का संकेत बताया।
कर्नाटक और आंध्र प्रदेश दौरे पर रवाना
इंदौर में मीडिया से बातचीत के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव गुरुवार दोपहर कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के दौरे पर रवाना हुए। आंध्र प्रदेश के सत्य साईं जिले के धर्मावरम में वे पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मशताब्दी वर्ष के समापन पर आयोजित अटल ज्योति संदेश यात्रा में शामिल होंगे।
