अगर आप भी मेरी तरह कभी-कभी कुछ झटपट, हल्का-फुल्का और चटपटा खाने का मन बनाते हैं, तो पोहा पकोड़ा आपके लिए एकदम सही विकल्प है। पोहा वैसे तो हम अक्सर नाश्ते में बनाते ही हैं, लेकिन जब यही पोहा थोड़ा-सा ट्विस्ट लेकर पकौड़े के रूप में प्लेट में आता है, तो स्वाद अलग ही लेवल पर पहुंच जाता है। बाहर से कुरकुरे और अंदर से नरम… बस क्या ही कहें! आज की रेसिपी बिल्कुल आसान है, और इसके लिए आपको किसी खास सामग्री की ज़रूरत नहीं। घर में रोज मिलने वाली चीज़ों से यह स्नैक एकदम मिनटों में तैयार हो जाता है। तो चलिए, आराम से बैठकर पढ़िए और फिर शाम होते ही बना लीजिए परिवार और मेहमान दोनों आपकी तारीफ करते नहीं थकेंगे।
आवश्यक सामग्री
- पोहा (मीडियम या थिक) – 1 कप
- बेसन – ½ कप
- बारीक कटी प्याज़ – 1
- बारीक कटी हरी मिर्च – 2
- हरा धनिया – 2 टेबलस्पून
- अदरक कद्दूकस – 1 टीस्पून
- लाल मिर्च पाउडर – ½ टीस्पून
- हल्दी – ¼ टीस्पून
- अजवाइन – ½ टीस्पून
- नमक – स्वादानुसार
- पानी – जरूरत के अनुसार
- तेल तलने के लिए
पोहा पकौड़ा रेसिपी
- सबसे पहले पोहे को एक छलनी में लेकर हल्का सा पानी डालकर धो लें।
- ध्यान रखें कि पोहा ज्यादा गीला न हो जाए। इसे 5 मिनट के लिए ऐसे ही छोड़ दें ताकि यह पूरी तरह फूल जाए।
- जब पोहा फूल जाए, इसे एक बड़ी मिक्सिंग बाउल में डालें।
- अब इसमें प्याज़, हरी मिर्च, धनिया, अदरक, लाल मिर्च, हल्दी, अजवाइन और नमक मिलाएं।
- हाथ से हल्का-सा मिक्स करें ताकि पोहा टूटे नहीं और मसाले अच्छी तरह मिल जाएं।
- अब इसमें बेसन डालें और थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए एक थिक सा घोल तैयार करें। ध्यान रहे बैटर बहुत पतला न हो, वरना पकौड़े क्रिस्पी नहीं बनेंगे।
- मिश्रण इतना होना चाहिए कि जब आप हाथ में थोड़ा सा उठाएं, तो वह आसानी से गोले जैसा बन जाए।
- एक कढ़ाही में तेल गर्म करें। तेल न बहुत ज्यादा गरम हो और न बहुत ठंडा मध्यम आंच पर ही पकौड़े कुरकुरे बनते हैं।
- अब हाथ से या चम्मच की मदद से मिश्रण के छोटे-छोटे पकौड़े तेल में डालें।
- आंच मध्यम रखें और पकौड़ों को सुनहरा व कुरकुरा होने तक तलें।
- पकने के बाद इन्हें टिशू पेपर पर निकाल लें, ताकि ज्यादा तेल निकल जाए।
परोसने का तरीका
- गरमा-गरम पोहा पकौड़े को हरी चटनी या टमाटर सॉस के साथ परोसें।
- चाय की एक गरम प्याली के साथ इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है।
- कुछ टिप्स जो बनाएंगे पकौड़े और भी खास
- पोहा ज्यादा गीला न करें, वरना बैटर चिपचिपा हो जाएगा।
- प्याज़ की जगह आप पत्ता गोभी या गाजर भी डाल सकते हैं।
- चाहें तो थोड़ा चाट मसाला मिलाकर स्वाद बढ़ा सकते हैं।
- बेसन ज़्यादा डालेंगे तो पकौड़े भारी हो जाएंगे, इसलिए संतुलित ही रखें।
