मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग इंदौर (MPPSC) द्वारा खाद्य सुरक्षा अधिकारी भर्ती परीक्षा 2025 का आयोजन रविवार को किया जा रहा है। इस परीक्षा को लेकर प्रदेशभर में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परीक्षा में करीब 42 हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे, जो खाद्य सुरक्षा अधिकारी बनने की दौड़ में अपनी किस्मत आजमाएंगे। परीक्षा के लिए इंदौर के अलावा भोपाल, ग्वालियर और जबलपुर में भी केंद्र बनाए गए हैं। प्रदेशभर में कुल 111 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें सबसे अधिक परीक्षा केंद्र इंदौर में हैं, जहां 17 हजार 72 अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है। बाकी अभ्यर्थियों को अन्य तीन शहरों में बनाए गए केंद्रों पर परीक्षा देनी होगी।
प्रशासनिक जिम्मेदारी तय
मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग ने परीक्षा के सुचारू संचालन की जिम्मेदारी संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े को सौंपी है। उन्हें परीक्षा समन्वयक अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं संयुक्त आयुक्त डीएस रणदा को सह प्रभारी परीक्षा अधिकारी और प्रो. डीके गुप्ता को नोडल अधिकारी बनाया गया है। प्रशासन का कहना है कि परीक्षा पूरी पारदर्शिता और सख्ती के साथ आयोजित की जाएगी।
एंट्री का समय
अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश सुबह 11.15 बजे से दिया जाएगा। 11.45 बजे के बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं मिलेगी। अभ्यर्थियों को ई-प्रवेश पत्र, वैध फोटो पहचान पत्र, गोले भरने के लिए निर्धारित स्याही का पेन और पानी की पारदर्शी बोतल साथ लाने की अनुमति है। दिव्यांग अभ्यर्थियों को सहलेखन की सुविधा के साथ एक घंटे का अतिरिक्त समय दिया जाएगा।
परीक्षा केंद्र में पेंसिल, रबर, व्हाइटनर, स्केल, बैग, किताबें और किसी भी प्रकार की पठन सामग्री ले जाना प्रतिबंधित रहेगा। मोबाइल फोन, पेनड्राइव, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ डिवाइस, हैंडफ्री, स्मार्ट वॉच, डिजिटल या एनालॉग घड़ी जैसे सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर सख्त पाबंदी रहेगी।
4 शहरों में होगी परीक्षा
| शहर | सेंटर |
|---|---|
| इंदौर | 44 |
| भोपाल | 29 |
| जबलपुर | 23 |
| ग्वालियर | 15 |
| समय: दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक | |
ड्रेस कोड
बालों में लगाने वाले क्लचर या बक्कल, हाथ में पहने जाने वाले मेटल या चमड़े के बैंड, कमर की बेल्ट, कफ लिंक, धूप का चश्मा, पर्स, वॉलेट, टोपी, चाबी, माचिस, लाइटर, ब्लेड या कोई भी नुकीली वस्तु परीक्षा कक्ष में ले जाना मना है। परीक्षार्थियों को जूते और मोजे पहनकर परीक्षा कक्ष में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। आयोग ने साफ किया है कि परीक्षा के दौरान अनुशासन और नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। किसी भी तरह की लापरवाही या नियम उल्लंघन पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा को लेकर प्रशासन और अभ्यर्थियों दोनों में ही खासा उत्साह और सतर्कता देखी जा रही है।
