खजुराहो के एक रिसॉर्ट में कथित जहरीला भोजन खाने के बाद कर्मचारियों की तबीयत बिगड़ने का मामला अब बेहद गंभीर हो गया है। इलाज के दौरान एक और कर्मचारी की मौत हो गई, जिससे इस घटना में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर चार हो चुकी है। मृतक की पहचान 20 वर्षीय हार्दिक सोनी के रूप में हुई है, जो रिसॉर्ट में इलेक्ट्रीशियन के पद पर कार्यरत था। बताया जा रहा है कि हार्दिक सोनी ने अन्य कर्मचारियों के साथ रिसॉर्ट में भोजन किया था। खाना खाने के कुछ समय बाद ही उसकी तबीयत अचानक खराब हो गई। पहले उसे स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर ग्वालियर रेफर किया गया। तीन दिन तक चले इलाज के बाद शनिवार को उसकी मौत हो गई। पोस्टमॉर्टम के बाद रविवार को शव परिजनों को सौंप दिया गया।
इससे पहले इसी घटना में प्रागीलाल कुशवाहा, रामस्वरूप कुशवाहा और गिरजा रजक की मौत हो चुकी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में संदिग्ध जहर मिलने की पुष्टि हुई है, जिससे फूड प्वाइजनिंग की आशंका और गहरा गई है। इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना दिया है।
कई कर्मचारी बीमार
इस हादसे में कुल 10 से अधिक कर्मचारी बीमार हुए थे, जिनमें रवि सोनी, दयाराम रैकवार, बिहारी लाल पटेल, रोशनी रजक, गोविंद कुशवाहा और राजकुमारी सहित अन्य शामिल हैं। फिलहाल सात कर्मचारियों का इलाज अलग-अलग अस्पतालों में जारी है। इनमें से एक की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है और उसे वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर पार्थ जैसवाल ने मृतकों के परिजनों को रेड क्रॉस सोसायटी से 20-20 हजार रुपए की तात्कालिक आर्थिक सहायता स्वीकृत की है। इसके अलावा मुख्यमंत्री सहायता कोष से अतिरिक्त मदद के लिए प्रस्ताव जल्द भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
खाना खाने से बीमार हुए 1 और होटलकर्मी की ईलाज के दौरान दु:खद मृत्यु पर कलेक्टर श्री पार्थ जैसवाल ने मृतक के परिजन को रेड क्रॉस सोसायटी से 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की@CMMadhyaPradesh@jansamparkmp @healthminmp#chhatarpur
— PRO JS Chhatarpur (@PROJSChhatarpur) December 14, 2025
खाद्य विभाग पर गिरी गाज
अपर कलेक्टर मिलिंद नागदेवे ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी वेद प्रकाश चौबे को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस में जिले में लगातार वीवीआईपी मूवमेंट के बावजूद खाद्य पदार्थों की सैंपलिंग में लापरवाही का उल्लेख किया गया है। अधिकारी से 15 दिसंबर शाम 4 बजे तक जवाब मांगा गया है। खजुराहो फूड प्वाइजनिंग कांड की निष्पक्ष जांच के लिए पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने एसडीओपी खजुराहो मनमोहन सिंह बघेल के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) गठित की है। टीम को सभी पहलुओं की गहराई से जांच कर जल्द रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
