, , ,

मैदान में IPL मिनी ऑक्शन में MP के 14 खिलाड़ी, वेंकटेश अय्यर पर टिकी निगाहें

Author Picture
Published On: 16 December 2025

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 19वें सीजन के लिए मिनी ऑक्शन आज दोपहर 2.30 बजे अबू धाबी में शुरू होगा। इस नीलामी में मध्यप्रदेश के 14 खिलाड़ी अपनी किस्मत आजमाते नजर आएंगे। सबसे ज्यादा चर्चा इंदौर के ऑलराउंडर वेंकटेश अय्यर को लेकर है, जिन पर इस बार भी बड़ी बोली लगने की उम्मीद जताई जा रही है। आईपीएल की 10 टीमों के पास कुल 237.55 करोड़ रुपए का बजट है। नीलामी सूची में 350 खिलाड़ी शामिल हैं, लेकिन खाली स्लॉट सीमित होने के कारण केवल 77 खिलाड़ियों को ही खरीदा जा सकेगा। ऑक्शन में 40 खिलाड़ियों की बेस प्राइस 2 करोड़ रुपए रखी गई है, जबकि 227 खिलाड़ियों की न्यूनतम बेस प्राइस 30 लाख रुपए है।

5 सीजन तक कोलकाता नाइट राइडर्स का हिस्सा रहे वेंकटेश अय्यर इस बार दोबारा नीलामी में उतरेंगे। पिछली बार केकेआर ने उन्हें 23.75 करोड़ रुपए में खरीदा था, जिससे वह उस ऑक्शन के तीसरे सबसे महंगे खिलाड़ी बने थे। इस बार उनका बेस प्राइस 2 करोड़ रुपए तय किया गया है। फिलहाल वह सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में मध्यप्रदेश की ओर से खेल रहे हैं।

गेंदबाजों पर भी रहेंगी नजर

रीवा के तेज गेंदबाज कुलदीप सेन एक बार फिर ऑक्शन सूची में हैं। पिछले सीजन में पंजाब किंग्स ने उन्हें मौका नहीं दिया और इस बार उनका बेस प्राइस 75 लाख रुपए रखा गया है। वहीं तेज गेंदबाज कुलवंत खेजरोलिया, जो पांच आईपीएल टीमों के लिए खेल चुके हैं, 30 लाख के बेस प्राइस के साथ नीलामी में उतरेंगे। स्पिनर कुमार कार्तिकेय भी 30 लाख की बेस प्राइस पर उपलब्ध रहेंगे।

किस्मत आजमाने की कोशिश

एमपीएल 2025 में शानदार प्रदर्शन करने वाले कई युवा खिलाड़ी इस बार ऑक्शन में शामिल हैं। अभिषेक पाठक, जिन्होंने 6 मैचों में 266 रन और 25 छक्के लगाए, ऋषभ चौहान, मंगेश यादव, ऋतिक टाडा, अक्षत रघुवंशी और सागर सोलंकी जैसे नामों पर फ्रेंचाइजियों की नजर रह सकती है। सभी का बेस प्राइस 30 लाख रुपए रखा गया है। अंडर-19 वर्ल्ड कप टीम का हिस्सा रहे स्पिनर सौम्य पांडे और लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे लेग स्पिनर शिवम शुक्ला भी नीलामी सूची में हैं। ऑलराउंडर शिवांग कुमार ने एमपीएल में विस्फोटक पारी खेलकर चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा है।

रिटेन खिलाड़ियों की सूची

रजत पाटीदार, आवेश खान, अरशद खान, अनिकेत वर्मा और माधव तिवारी को उनकी-उनकी टीमों ने पहले ही रिटेन कर लिया है। रजत पाटीदार की कप्तानी में आरसीबी ने पिछले सीजन खिताब जीता था। अब सबकी नजर इस बात पर है कि वेंकटेश अय्यर पर कौन सी टीम कितनी बड़ी बोली लगाती है और मध्यप्रदेश के कितने खिलाड़ी आईपीएल 2026 में जगह बना पाते हैं। ऑक्शन का हर पल प्रदेश के क्रिकेट प्रेमियों के लिए खास रहने वाला है।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp