Border 2 : 29 साल पहले रिलीज हुई फिल्म बॉर्डर ने दर्शकों का दिल जीत लिया था। देशभक्ति पर बनी इस फिल्म की कहानी और गाने आज भी लोगों को याद है। अब इतने सालों बाद इसका दूसरा हिस्सा रिलीज किया जाने वाला। फैंस इसका बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
बॉर्डर 2 को लेकर लंबे समय से चर्चाओं का बाजार गर्म चल रहा है। सोमवार को मेकर्स ने फिल्म का टीजर रिलीज किए जाने की घोषणा की थी और अब इसकी पहली झलक सामने आ चुकी है। एक्टर सनी देओल एक बार फिर अपने चिर परिचित अंदाज में दुश्मन देश पाकिस्तान के परखच्चे उड़ाते नजर आ रहे हैं। बता दें कि बॉर्डर 2 को भारत-पाकिस्तान के बीच 1971 में हुए युद्ध पर बनाया गया है।
बोर्डर 2 का टीजर
मंगलवार को बॉर्डर 2 का टीजर टी-सीरीज के ऑफिशियल एक्स हैंडल पर शेयर किया गया। इसकी शुरुआत सनी देओल की बुलंद आवाज के साथ हुई जो रगो में देशभक्ति का जुनून भर रही है। इसमें चार मुख्य किरदारों की शानदार एंट्री भी दिखाई गई है। यह सनी देओल, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी हैं। चारों थल सेना, नौसेना और वायु सेना के अलग-अलग किरदार में नजर आ रहे हैं। फिल्म में मोना सिंह, सोनम बाजवा और मेधा राणा भी मुख्य भूमिका में हैं। आसमान से समंदर और मैदान-ए-जंग तक हर जगह फौजी दिखाई दे रहे हैं। सनी देओल की दहाड़ आपका दिल जोश से भर देगी।
कब आएगी बॉर्डर 2?
बॉर्डर 2 का टीजर सामने आने के बाद अब फिल्म की रिलीज का इंतजार किया जा रहा है। इसे 23 जनवरी 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा। सनी इस साल जाट की सफलता का स्वाद चख चुके हैं और अब उनकी दूसरी फिल्म से भी दर्शकों को यही उम्मीद है।
