, ,

रीवा पुलिस में फेरबदल, बैकुंठपुर थाना टीम लाइन हाजिर

Author Picture
Published On: 17 December 2025

रीवा जिले में पुलिस महकमे में अनुशासन को लेकर बड़ा कदम उठाया गया है। पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह चौहान ने मंगलवार दोपहर अचानक फेरबदल करते हुए बैकुंठपुर थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर पुलिस लाइन रीवा भेज दिया। इस कार्रवाई को प्रशासनिक सख्ती और लंबित शिकायतों से जोड़कर देखा जा रहा है। एसपी के आदेश के तहत बैकुंठपुर थाना प्रभारी जेपी पटेल, उप निरीक्षक आरएस बागरी और थाना मुंशी राजरूप को तत्काल प्रभाव से थाना कार्य से मुक्त कर दिया गया। तीनों को पुलिस लाइन भेजा गया है। सूत्रों के मुताबिक, बैकुंठपुर थाने को लेकर पिछले कुछ समय से लगातार शिकायतें सामने आ रही थीं, जिनकी अनदेखी करना अब संभव नहीं रह गया था।

फेरबदल के साथ ही बैकुंठपुर थाने को नया नेतृत्व भी मिल गया है। सिविल लाइन थाने से घनश्याम दास मिश्रा को बैकुंठपुर का नया थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है। माना जा रहा है कि मिश्रा को क्षेत्र में कानून व्यवस्था सुधारने और पुलिस की कार्यप्रणाली को पटरी पर लाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

शिकायतों ने बढ़ाई मुश्किलें

जानकारी के अनुसार, बैकुंठपुर थाने की कार्यशैली को लेकर स्थानीय स्तर से लेकर उच्च अधिकारियों तक शिकायतें पहुंची थीं। आरोप थे कि थाना क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। इन शिकायतों के आईजी कार्यालय रीवा तक पहुंचने के बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया, जिसके बाद एसपी को सख्त कदम उठाना पड़ा। बैकुंठपुर थाने के अंतर्गत आने वाली लालगांव चौकी को लेकर भी शिकायतें सामने आई हैं। आरोप है कि चौकी क्षेत्र में अवैध शराब की पैकारी और नशे के कारोबार पर कार्रवाई नहीं की जा रही। सूत्रों का कहना है कि इस संबंध में भी आईजी कार्यालय रीवा में शिकायत दर्ज कराई गई है।

जल्द हो सकती है अगली कार्रवाई

पुलिस महकमे से जुड़े सूत्रों की मानें तो लालगांव चौकी में भी जल्द बड़ा उलटफेर देखने को मिल सकता है। उच्च अधिकारी पूरे मामले की समीक्षा कर रहे हैं और किसी भी तरह की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के संकेत दिए गए हैं। रीवा पुलिस अधीक्षक की इस कार्रवाई को महकमे के भीतर एक स्पष्ट संदेश के तौर पर देखा जा रहा है कि लापरवाही, शिकायतों की अनदेखी और अवैध गतिविधियों पर ढिलाई अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आने वाले दिनों में जिले के अन्य थानों की कार्यप्रणाली पर भी नजर रखी जा सकती है।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp