,

IAS Service Meet: भोपाल में IAS सर्विस मीट की शुरुआत, प्रशासन से मंच तक दिखे अफसरों के रंग

Author Picture
Published On: 19 December 2025

राजधानी भोपाल में शुक्रवार से तीन दिनी आईएएस सर्विस मीट (IAS Service Meet) की शुरुआत हो गई। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अरेरा क्लब में इस आयोजन का शुभारंभ किया। प्रदेशभर से आए आईएएस अधिकारी इस मीट में हिस्सा ले रहे हैं। खास बात यह है कि इसमें सहायक कलेक्टर से लेकर मुख्य सचिव तक, पूर्व आईएएस अधिकारी और उनके परिजन भी शामिल हो रहे हैं।

इस सर्विस मीट का उद्देश्य अधिकारियों को औपचारिक प्रशासनिक माहौल से अलग एक मंच देना है, जहां वे अपनी रचनात्मकता और छिपी प्रतिभा को सामने ला सकें। दिनभर और देर रात तक सांस्कृतिक, मनोरंजक और कलात्मक प्रस्तुतियां होंगी। अफसर इस दौरान गीत, संगीत, नाटक, कविता और अन्य प्रस्तुतियों के जरिए एक-दूसरे से जुड़ेंगे।

CM ने किया संबोधन

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि लोकतंत्र को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने में आईएएस अधिकारियों की भूमिका बेहद अहम है। जनता के हित में लिए गए फैसलों को कठिन परिस्थितियों में अमल में लाने का काम यही अधिकारी करते हैं। उन्होंने कहा कि जोखिम उठाकर काम करने की क्षमता अगर किसी सेवा में है, तो वह आईएएस में है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के समय यह आशंका थी कि लोकतंत्र सफल हो पाएगा या नहीं, लेकिन आईएएस अधिकारियों ने अपने काम से इस आशंका को गलत साबित किया। मध्य प्रदेश के अधिकारी न सिर्फ प्रदेश, बल्कि देशभर में अपने कार्यों के जरिए पहचान बना चुके हैं। उन्होंने माना कि सिस्टम में कभी-कभी अव्यवस्था दिखती है, लेकिन अंततः अच्छे कामों के सकारात्मक परिणाम सामने आते हैं।

योजनाओं पर जोर

डॉ. यादव ने अधिकारियों को नए विचार और योजनाएं लाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ए प्लान, बी प्लान, सी प्लान जैसे विकल्प हमेशा तैयार रहने चाहिए। सही समय पर लिया गया सही फैसला बड़े बदलाव की वजह बनता है। उन्होंने यह भी कहा कि लगातार चुनौतियों से गुजरते हुए अधिकारी इतने मजबूत हो जाते हैं कि राजनीतिक बदलावों का असर उनके काम पर नहीं पड़ता। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में देर से पहुंचने और जल्दी निकलने के लिए अधिकारियों से क्षमा भी मांगी। उन्होंने तीन दिन तक चलने वाले इस आयोजन की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।

सर्विस मीट की रूपरेखा

आईएएस ऑफिसर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष मनु श्रीवास्तव ने बताया कि इस तरह के आयोजन से वरिष्ठ और कनिष्ठ अधिकारियों के बीच बेहतर संवाद बनता है। सर्विस मीट के लिए रेड, ग्रीन, ब्लू और यलो चार हाउस बनाए गए हैं, जिनके कैप्टन और वाइस कैप्टन तय हैं। मीट के आखिरी दिन मोस्ट क्रिएटिव, बेस्ट प्रेजेंटेशन, बेस्ट एंटरटेनमेंट वैल्यू और बेस्ट कोऑर्डिनेशन जैसी चार श्रेणियों में अवार्ड दिए जाएंगे। इसके अलावा, 18 वर्ष तक की उम्र के अधिकारियों के बच्चों को बेस्ट चाइल्ड आर्टिस्ट और बेस्ट सीनियर आर्टिस्ट के पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp