,

भोपाल में दौड़ेगी मेट्रो, राजधानी को मिलेगा नई पहचान; 21 दिसंबर से आम लोगों के लिए शुरू होगी सेवा

Author Picture
Published On: 19 December 2025

MP की राजधानी भोपाल के लिए 20 दिसंबर का दिन ऐतिहासिक बनने जा रहा है। इसी दिन भोपाल मेट्रो का औपचारिक उद्घाटन होगा और शहर मेट्रो सिटी की श्रेणी में शामिल हो जाएगा। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर और मुख्यमंत्री मोहन यादव मेट्रो को हरी झंडी दिखाएंगे। उद्घाटन के दौरान दोनों नेता मेट्रो में सवार होकर सुभाष नगर से एम्स तक का सफर करेंगे।

मेट्रो का उद्घाटन एक दिन पहले होगा, लेकिन आम यात्रियों के लिए इसकी शुरुआत 21 दिसंबर की सुबह 9 बजे से की जाएगी। पहले चरण में मेट्रो सुभाष नगर से एम्स के बीच चलेगी। इस रूट पर रोजाना कुल 17 ट्रिप लगाए जाएंगे, जिससे यात्रियों को दिनभर बेहतर कनेक्टिविटी मिल सकेगी।

6.22 किलोमीटर का पहला सफर

भोपाल मेट्रो के पहले चरण में 6.22 किलोमीटर लंबे प्रायोरिटी कॉरिडोर की शुरुआत हो रही है। इस रूट पर कुल 8 स्टेशन बनाए गए हैं, जिनमें सुभाष नगर, केंद्रीय स्कूल, डीबी मॉल, एमपी नगर, रानी कमलापति, डीआरएम ऑफिस, अलकापुरी और एम्स स्टेशन शामिल हैं। मेट्रो हर स्टेशन के बीच महज 3 मिनट में दूरी तय करेगी। भोपाल में मेट्रो के दो बड़े प्रोजेक्ट पर काम चल रहा है। ऑरेंज लाइन करोंद से एम्स तक 16.74 किलोमीटर लंबी होगी, जबकि ब्लू लाइन भदभदा से रत्नागिरि तक 14.16 किलोमीटर में फैली रहेगी। दोनों लाइनों का डिपो सुभाष नगर में बनाया गया है और पुल बोगदा क्षेत्र में जंक्शन तैयार किया जा रहा है, जहां से ट्रेनें एक-दूसरे को क्रॉस करेंगी।

समय का पूरा प्लान

मेट्रो का एक पूरा ट्रिप 75 मिनट के भीतर पूरा होगा। एम्स से सुभाष नगर के बीच 9 ट्रिप और सुभाष नगर से एम्स के बीच 8 ट्रिप चलेंगी। पहली मेट्रो सुबह 9 बजे एम्स स्टेशन से रवाना होगी और करीब 40 मिनट में सुभाष नगर पहुंचेगी। आखिरी मेट्रो शाम 5 बजे एम्स से चलेगी, जो शाम 6.25 बजे सुभाष नगर पहुंचेगी। भोपाल मेट्रो का किराया तीन जोन में बांटा गया है। पहले दो स्टेशन तक यात्रा करने पर 20 रुपए, तीन से पांच स्टेशन तक 30 रुपए और छह से आठ स्टेशन तक 40 रुपए किराया देना होगा। उदाहरण के तौर पर डीबी मॉल से रानी कमलापति स्टेशन तक का सफर 20 रुपए में पूरा होगा, जबकि एम्स तक जाने पर 40 रुपए देने होंगे।

नहीं मिलेगा छूट

इंदौर मेट्रो की तरह भोपाल में किराए पर कोई शुरुआती छूट नहीं दी जाएगी। मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के अनुसार, यहां पहले दिन से ही तय किराया लागू रहेगा। इससे पहले उम्मीद जताई जा रही थी कि भोपाल में भी इंदौर की तर्ज पर मुफ्त या रियायती सफर मिलेगा, लेकिन प्रबंधन ने साफ कर दिया है कि ऐसा नहीं होगा।

देखें किराया

स्टेशन किराया (₹)
1 से 2 20
3 से 5 30
6 से 8 40
Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp