,

इंदौर एयरपोर्ट पर अव्यवस्थाओं से यात्री हलाकान, सोशल मीडिया पर फूटा गुस्सा

Author Picture
Published On: 20 December 2025

देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर यात्रियों की दिक्कतें लगातार सामने आ रही हैं। इंदौर से यात्रा कर रहीं श्रद्धा परमार ने सोशल मीडिया पर अपनी परेशानी शेयर कर एयरपोर्ट की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े किए। उन्होंने बताया कि टर्मिनल के प्रवेश द्वार पर ही लंबी कतारें लगी रहीं, जबकि चेक-इन के लिए महज दो काउंटर चालू थे। सौ से ज्यादा यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ा। शुक्रवार को भी हालात कुछ अलग नहीं दिखे। यात्रियों का कहना है कि एयरपोर्ट के भीतर बैठने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। कुर्सियों की कमी के चलते बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे घंटों खड़े रहने को मजबूर हुए।

यात्रियों ने आरोप लगाया कि व्यस्त समय होने के बावजूद न तो अतिरिक्त स्टाफ तैनात किया गया और न ही संसाधन बढ़ाए गए। श्रद्धा परमार ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया और इंडिगो एयरलाइंस को टैग कर शिकायत दर्ज कराई।

लगेज वेट मशीन

इसी बीच शुक्रवार को एक अन्य यात्री मनोज महाजन ने भी सोशल मीडिया पर इंदौर एयरपोर्ट की व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि इंडिगो के चेक-इन काउंटर पर लगी लगेज वेट मशीन सही वजन नहीं दिखाती। उनका कहना है कि घर पर और अन्य शहरों के एयरपोर्ट—जैसे नागपुर और बेंगलुरु—में बैग का वजन सही निकलता है, लेकिन इंदौर में वही बैग अधिक वजन दिखाता है। उन्होंने मशीनों की कैलिब्रेशन पर संदेह जताया।

प्रबंधन का जवाब

सोशल मीडिया पर शिकायतें सामने आने के बाद एयरपोर्ट प्रबंधन ने खेद जताते हुए व्यवस्थाएं सुधारने का आश्वासन दिया। वहीं, लगेज वेट मशीन के मामले में कहा गया कि संबंधित एजेंसियों और एयरलाइन को उपकरणों की जांच और आवश्यक कैलिब्रेशन के लिए सूचित कर दिया गया है। हालांकि यात्रियों का कहना है कि यह कोई नई समस्या नहीं है और हर बार सिर्फ आश्वासन देकर मामला टाल दिया जाता है।

गौरतलब है कि एक दिन पहले ही इंदौर के सांसद शंकर लालवानी ने नई दिल्ली में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू से मुलाकात कर एयरपोर्ट की समस्याओं को उठाया था। उन्होंने यात्रियों की बढ़ती संख्या के मुकाबले सुविधाओं की कमी, पार्किंग में अव्यवस्था, टर्मिनल में प्रवेश के दौरान लंबी कतारें और सुबह के समय सुरक्षा जांच में देरी जैसे मुद्दे रखे थे।

अगले ही दिन वही हालात

सांसद की शिकायत के बावजूद अगले ही दिन यात्रियों को उन्हीं परेशानियों से जूझना पड़ा। यात्रियों का कहना है कि इंदौर जैसे तेजी से बढ़ते शहर के एयरपोर्ट पर सुविधाओं का विस्तार अब बेहद जरूरी हो गया है, वरना आने वाले समय में हालात और बिगड़ सकते हैं।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp