, ,

अमित शाह के ग्वालियर दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा और यातायात पर फोकस

Author Picture
Published On: 21 December 2025

ग्वालियर में 25 दिसंबर को देश के गृह मंत्री अमित शाह के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासनिक और पुलिस स्तर पर तैयारियां तेज हो गई हैं। जिला प्रशासन कार्यक्रम को अंतिम रूप देने में जुटा है। मंच व्यवस्था, सुरक्षा घेरा, यातायात नियंत्रण और पार्किंग जैसे मुद्दों पर लगातार मंथन चल रहा है। भले ही गृह मंत्री का आधिकारिक कार्यक्रम अभी प्रशासन को नहीं मिला हो, लेकिन एसपीजी के अधिकारी लगातार स्थानीय पुलिस के संपर्क में हैं।

गृह मंत्री विशेष विमान से महाराजपुरा स्थित वायुसेना के हवाई अड्डे पर उतरेंगे। यहां मुख्यमंत्री मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर सहित भाजपा के चुनिंदा पदाधिकारी स्वागत करेंगे। एयरपोर्ट से गोला का मंदिर तक उनका काफिला सीधे निकलेगा। इसके बाद संस्कृति गार्डन होते हुए मेला ग्राउंड पहुंचेगा। इस दौरान गोला का मंदिर चौराहे से मेला ग्राउंड के पीछे वाली सड़क पूरी तरह बंद रहेगी।

नो-फ्लाइंग जोन घोषित

जहां गृह मंत्री मौजूद रहेंगे, उस पूरे क्षेत्र को नो-फ्लाइंग जोन घोषित किया गया है। मेला ग्राउंड से लेकर एयरपोर्ट तक हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जाएगी। कार्यक्रम में ग्वालियर-चंबल अंचल के कई जिलों से लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां किसी भी जोखिम से बचना चाहती हैं। शहर के अलग-अलग हिस्सों से आने वाले वाहनों के लिए अलग पार्किंग तय की गई है। भिंड और मुरैना की ओर से आने वाले वाहन एग्रीकल्चर कॉलेज के पास पार्क होंगे। दतिया और डबरा की तरफ से आने वालों के लिए बड़ागांव और सात नंबर चौराहा होते हुए भाऊ साहब पोतनीस एनक्लेव के पास व्यवस्था की गई है। शिवपुरी और गुना की ओर से आने वाले वाहन सूर्य नमस्कार तिराहे के पास खड़े कराए जाएंगे। कुल 15 पार्किंग स्थल चिन्हित किए गए हैं।

4 हजार जवान संभालेंगे मोर्चा

गृह मंत्री की सुरक्षा में चार हजार से ज्यादा पुलिस जवान और अधिकारी तैनात किए जाएंगे। इनमें एक हजार पुलिसकर्मी ग्वालियर के होंगे, जबकि शेष बल आसपास के जिलों से बुलाया गया है। काफिले के पूरे रूट पर विशेष सुरक्षा दस्ते तैनात रहेंगे और ऊंची इमारतों पर भी पुलिस का पहरा रहेगा। शनिवार को आईजी अरविंद सक्सेना ने पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों की बैठक लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग बाहर से आएंगे, इसलिए पार्किंग और ट्रैफिक प्लान को विशेष रूप से तैयार किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रहेगी- अनु बेनीवाल, एएसपी ट्रैफिक, ग्वालियर

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp