राजधानी भोपाल के भदभदा इलाके में स्थित सायाजी होटल में सोमवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब होटल परिसर के स्टोर रूम से आग की लपटें उठने लगीं। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरे स्टोर रूम को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद होटल स्टाफ और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के मुताबिक, सायाजी होटल सैर-सपाटा क्षेत्र के सामने स्थित है और परिसर के सामने की ओर टेंट और अन्य सामग्री रखने के लिए स्टोर रूम बना हुआ है। सोमवार सुबह स्टोर रूम में जनरेटर चालू था। इसी दौरान अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे वहां रखे टेंट, चादरें और अन्य कपड़े में आग लग गई। कपड़ा होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया।
10 फीट तक उठीं आग की लपटें
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग की लपटें करीब 10 फीट तक ऊपर उठती दिखाई दीं। घना काला धुआं इतना ज्यादा था कि भदभदा ब्रिज से भी साफ नजर आ रहा था। आसपास के इलाके में आग की खबर फैलते ही लोग मौके पर जमा हो गए। स्थिति को देखते हुए होटल प्रबंधन ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। आग बुझाने के लिए माता मंदिर फायर स्टेशन समेत आसपास के फायर स्टेशनों से कई दमकल वाहन मौके पर पहुंचे। नगर निगम और पुलिस का अमला भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गया। होटल के कर्मचारियों ने भी आग को फैलने से रोकने में मदद की। कड़ी मशक्कत के बाद करीब डेढ़ घंटे में आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका।
टला बड़ा हादसा
घटना के समय होटल में कई मेहमान ठहरे हुए थे, लेकिन राहत की बात यह रही कि स्टोर रूम और मुख्य होटल भवन के बीच करीब 50 मीटर की दूरी है। इसी वजह से आग होटल के अंदर तक नहीं पहुंच सकी और कोई जनहानि नहीं हुई। आग पर काबू पाने के बाद होटल प्रबंधन और मेहमानों ने राहत की सांस ली। आग में स्टोर रूम में रखा टेंट और अन्य कपड़े का सारा सामान जलकर राख हो गया है। हालांकि, नुकसान का सही आंकलन अभी किया जा रहा है। प्रारंभिक तौर पर लाखों रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और फायर विभाग की टीम मामले की जांच में जुटी है।
