,

व्यापार की सियासत गरमाएगी, 1 फरवरी को भोपाल चैंबर का चुनाव; QR कोड से तय होगा वोटर कौन?

Author Picture
Published On: 24 December 2025

भोपाल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के बहुप्रतीक्षित चुनाव की तारीख सामने आते ही व्यापारिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। 1 फरवरी को मतदान होगा और अगले ही दिन 2 फरवरी को मतगणना के बाद नई कार्यकारिणी का फैसला हो जाएगा। इसी के साथ मंगलवार को प्रारंभिक मतदाता सूची भी जारी कर दी गई, जिससे चुनावी माहौल औपचारिक रूप से शुरू हो गया है।

इस बार चैंबर चुनाव में तकनीक का खास प्रयोग किया गया है। पहली बार मतदाता सूची को QR कोड से जोड़ा गया है। अब सदस्य मोबाइल पर QR स्कैन कर सीधे वोटर लिस्ट देख सकेंगे। कोहेफिजा स्थित चैंबर कार्यालय में सूची चस्पा करने के साथ-साथ डिजिटल सुविधा ने चुनाव प्रक्रिया को ज्यादा पारदर्शी बना दिया है।

भोपाल: होगी अंतिम सूची

बुधवार से मतदाता सूची पर दावा-आपत्ति की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। 2 जनवरी तक सदस्य अपनी आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे। इसके बाद 3 और 4 जनवरी को इन आपत्तियों का निराकरण होगा। 5 जनवरी को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी, जिसके आधार पर आगे की पूरी चुनावी प्रक्रिया चलेगी। चैंबर के भीतर इस बार भी मुकाबला आसान नहीं माना जा रहा। निवृत्तमान अध्यक्ष तेजकुल पाल सिंह पाली के अक्टूबर में इस्तीफे के बाद आकाश गोयल को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था। अब चुनावी मैदान में फिर से दो गुटों के आमने-सामने आने की चर्चा है। माना जा रहा है कि पाली खुद मैदान में उतर सकते हैं या किसी मजबूत प्रत्याशी को समर्थन देकर समीकरण बदल सकते हैं।

कहां होगा मतदान और गिनती?

चुनाव अधिकारी प्रदीप कुमार तिवारी, पर्यवेक्षक डॉ. पीसी कोठारी और वैभव जैन के मुताबिक चुनाव से जुड़ी सभी प्रशासनिक प्रक्रियाएं कोहेफिजा स्थित चैंबर कार्यालय में होंगी। वहीं मतदान और मतगणना पॉलिटेक्निक चौराहा स्थित मानस भवन में कराई जाएगी। 1 फरवरी को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक वोट डाले जाएंगे और 2 फरवरी को सुबह 8 बजे से गिनती शुरू होगी। 6, 7 और 8 जनवरी को नामांकन पत्रों का वितरण होगा, जबकि 9 से 11 जनवरी तक नामांकन जमा किए जा सकेंगे। 12 और 13 जनवरी को जांच होगी। 14 से 16 जनवरी के बीच उम्मीदवार नाम वापस ले सकेंगे और 17 जनवरी को अंतिम प्रत्याशी सूची जारी कर दी जाएगी।

2224 वोटर करेंगे फैसला

भोपाल चैंबर में इस समय कुल 2224 मतदाता हैं, जो अध्यक्ष, महामंत्री, उपाध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारियों का चुनाव करेंगे। 4 अक्टूबर से 30 नवंबर के बीच 171 नए सदस्य भी जुड़े हैं, जबकि 209 पुराने सदस्यों ने शुल्क जमा कर सदस्यता बरकरार रखी है। नवीन सदस्यता और गतिविधि शुल्क के रूप में चैंबर को 20 लाख 63 हजार 837 रुपए की राशि प्राप्त हुई है। मौजूदा प्रबंध समिति के चार साल के कार्यकाल में कुल 1 करोड़ 9 लाख 91 हजार 509 रुपए चैंबर के खाते में हैं। ऐसे में यह चुनाव सिर्फ पदों का नहीं, बल्कि संगठन की दिशा तय करने वाला भी माना जा रहा है।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp