ग्वालियर के ऐतिहासिक मेला ग्राउंड में गुरुवार को ऐसा आयोजन होने जा रहा है, जिस पर पूरे प्रदेश की नजरें टिकी हैं। ‘अभ्युदय मध्यप्रदेश ग्रोथ समिट निवेश से रोजगार’ के जरिए मध्यप्रदेश अपने औद्योगिक भविष्य की नई इबारत लिखने की तैयारी में है। भारत रत्न अटल बिहारी वाजेयी की जयंती पर हो रहा यह राज्य स्तरीय कार्यक्रम आत्मनिर्भर और समृद्ध मध्यप्रदेश के संकल्प को मजबूत करने का संदेश देगा।
समिट में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मौजूदगी आयोजन को खास बना रही है। मंच से जहां प्रदेश की औद्योगिक नीति और निवेश के रोडमैप पर चर्चा होगी, वहीं निवेशकों को सीधे लाभ पहुंचाने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।
मिलेगी प्रोत्साहन राशि
इस ग्रोथ समिट की सबसे अहम खासियत सिंगल क्लिक सिस्टम है। निवेशकों को औद्योगिक प्रोत्साहन राशि मंच से ही डिजिटल तरीके से दी जाएगी। इससे न सिर्फ प्रक्रिया पारदर्शी होगी, बल्कि उद्योगपतियों को यह संदेश भी जाएगा कि मध्यप्रदेश निवेश के लिए तेज और भरोसेमंद सिस्टम की ओर बढ़ चुका है। कार्यक्रम के दौरान अमित शाह करीब 2 लाख करोड़ रुपए की औद्योगिक इकाइयों का भूमि पूजन और लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही 10 हजार करोड़ रुपए से अधिक की परियोजनाओं का शिलान्यास और शुभारंभ होगा। इन परियोजनाओं के जमीन पर उतरने से प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियों को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है।
मिलेगा जमीन का आधार
‘अभ्युदय मध्यप्रदेश ग्रोथ समिट’ में 2 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा के निवेश प्रस्तावों के लिए भूमि आवंटन किया जाएगा। इसका सीधा असर रोजगार पर पड़ेगा। सरकार का दावा है कि इन निवेशों से न सिर्फ बड़े उद्योग आएंगे, बल्कि स्थानीय स्तर पर छोटे और मध्यम उद्यमों को भी मजबूती मिलेगी। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा सहित कई वरिष्ठ मंत्री मौजूद रहेंगे। कृषि, ऊर्जा, एमएसएमई, जल संसाधन, खेल और युवा कल्याण विभाग के मंत्री भी समिट का हिस्सा बनेंगे। इससे साफ है कि यह आयोजन सिर्फ औद्योगिक नहीं, बल्कि समग्र विकास से जुड़ा है।
“अभ्युदय एमपी ग्रोथ समिट 2025”
व्यवस्था ऐसी हो जिससे आवागमन भी प्रभावित न हो और प्रतिभागी भी आसानी से कार्यक्रम स्थल पर पहुँच जाएं – प्रभारी मंत्री श्री सिलावट
प्रभारी मंत्री ने सांसद श्री कुशवाह की मौजूदगी में हुई समीक्षा बैठक में दिए निर्देश
आयोजन स्थल का जायजा भी लिया pic.twitter.com/y4prFdvZ4y— Gwalior Commissioner (@GwaliorComm) December 22, 2025
जुटेंगे दिग्गज उद्योगपति
समिट में देश के बड़े औद्योगिक घरानों की मौजूदगी इसकी अहमियत को और बढ़ा रही है। गोदरेज, डाबर, जेके टायर, टोरेंट पावर, भारत पेट्रोलियम, वर्धमान समूह, ग्रीनको, जुपिटर वैगन्स जैसे नाम इस मंच पर दिखेंगे। इन दिग्गजों की भागीदारी से ग्वालियर और मध्यप्रदेश निवेश के नए नक्शे पर उभरते नजर आएंगे। ग्रोथ समिट सिर्फ आंकड़ों का खेल नहीं, बल्कि लाखों युवाओं की उम्मीदों से जुड़ा आयोजन है। ग्वालियर से उठने वाली यह निवेश की लहर आने वाले समय में प्रदेश की अर्थव्यवस्था और रोजगार की तस्वीर बदल सकती है।
