ग्वालियर के मेला ग्राउंड में गुरुवार को माहौल कुछ अलग ही नजर आया। ‘अभ्युदय मध्यप्रदेश ग्रोथ समिट-निवेश से रोजगार’ के राज्य स्तरीय आयोजन ने पूरे शहर का ध्यान खींच लिया। मंच पर केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मौजूद थे। कार्यक्रम की शुरुआत के साथ ही साफ हो गया कि यह आयोजन केवल भाषणों तक सीमित नहीं रहने वाला।
कार्यक्रम के बाद अमित शाह और मुख्यमंत्री ने ग्रोथ समिट में लगी प्रदर्शनी का अवलोकन किया। अलग-अलग सेक्टर की कंपनियों, स्टार्टअप्स और औद्योगिक योजनाओं ने निवेश की संभावनाओं की तस्वीर पेश की। मंच से पहले जमीन पर काम और योजनाओं को देखने का यह संदेश भी गया कि बातें सिर्फ फाइलों में नहीं, मैदान में उतारी जा रही हैं।
2 लाख करोड़ का भूमि पूजन
ग्रोथ समिट का सबसे बड़ा ऐलान मंच से हुआ, जब 2 लाख करोड़ रुपए की औद्योगिक इकाइयों का भूमि पूजन और लोकार्पण किया गया। कुल 1655 औद्योगिक इकाइयों से जुड़े इस ऐलान को प्रदेश के औद्योगिक भविष्य की बड़ी छलांग माना जा रहा है। इसके साथ ही ग्वालियर व्यापार मेले और अटल म्यूजियम का भी शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के दौरान माहौल तब अचानक गर्म हो गया, जब अमित शाह ने ज्योतिरादित्य सिंधिया को मंच से ‘राजा साहब’ कहकर संबोधित किया। यह सुनते ही पंडाल तालियों से गूंज उठा। यह संबोधन सिर्फ एक शब्द नहीं, बल्कि राजनीतिक संकेत के तौर पर भी देखा गया।
“सभी क्षेत्रों में विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा मध्यप्रदेश”
पूर्व प्रधानमंत्री, ‘भारत रत्न’ श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की 101वीं जयंती पर माननीय केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री @AmitShah जी के मुख्य आतिथ्य में आज ग्वालियर में ‘अभ्युदय मध्यप्रदेश ग्रोथ समिट’ का… pic.twitter.com/Ls8RTuJXss
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) December 25, 2025
ग्वालियर की धरती का गौरवगान
अमित शाह ने अपने संबोधन में ग्वालियर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को याद किया। उन्होंने कहा कि यही वह भूमि है जहां तानसेन ने जन्म लिया और ग्वालियर घराने की संगीत साधना ने देश को दिशा दी। इसी धरती ने अटल बिहारी वाजपेयी जैसे नेता को जन्म दिया, जिनका संघर्ष और योगदान आज भी देश याद करता है। शाह ने मध्य प्रदेश की आदिवासी आबादी का जिक्र करते हुए कहा कि एक दौर ऐसा था, जब उनके लिए न ठोस योजनाएं थीं और न ही अलग व्यवस्था। अटल बिहारी वाजपेयी ने आदिवासी कल्याण के लिए अलग विभाग बनाकर उनके अधिकारों को मजबूत आधार दिया। इसी सोच की निरंतरता आज विकास योजनाओं में दिख रही है।
भाजपा की डबल इंजन सरकार में मध्य प्रदेश विकसित भारत का ग्रोथ इंजन बन रहा है। ग्वालियर में ‘अभ्युदय: मध्य प्रदेश ग्रोथ समिट-2025’ से लाइव… https://t.co/sReJKTJmNR
— Amit Shah (@AmitShah) December 25, 2025
यह पूरा ग्रोथ समिट भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर आयोजित किया गया। मंच पर उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, एदल सिंह कंषाना, प्रद्युम्न सिंह तोमर, राकेश शुक्ला, चेतन्य काश्यप, तुलसीराम सिलावट, विश्वास सारंग सहित कई कैबिनेट मंत्री मौजूद रहे।
