स्टाइल, पावर और रॉयल पहचान की बात हो तो रोल्स रॉयस का नाम अपने आप जुबान पर आ जाता है। अब इसी शाही ब्रांड की सुपर लग्जरी एसयूवी कलिनन सीरिज-2 इंदौर की सड़कों पर दौड़ने को तैयार है। गुरुवार को इस अल्ट्रा लग्जरी कार की डिलीवरी इंदौर में दी गई। यह न सिर्फ मध्यप्रदेश की पहली कलिनन सीरिज-2 है, बल्कि अब तक की सबसे महंगी कार भी मानी जा रही है।
कलिनन सीरिज-2 पहले से ही देशभर में चर्चा में है। इस कार को हाल ही में रेपर बादशाह ने खरीदा है, वहीं यह एसयूवी मुकेश अंबानी के कलेक्शन का भी हिस्सा है। अब इंदौर में इसकी एंट्री ने लग्जरी कार प्रेमियों के बीच उत्साह और जिज्ञासा दोनों बढ़ा दी है।
एमरल्ड ग्रीन पहचान
इंदौर के उद्योगपति केके सिंह के बेटे माणिक और अंकित सिंह ने इस एसयूवी को 15 करोड़ 10 लाख रुपए की ऑन-रोड कीमत में खरीदा है। एमरल्ड ग्रीन कलर कॉम्बिनेशन वाली यह कार अपनी पहली झलक में ही अलग पहचान बना लेती है। खास बात यह है कि इसके लिए आरटीओ से 0085 नंबर लिया जा रहा है, जो कार की एक्सक्लूसिव पहचान को और मजबूत करता है।
परफॉर्मेंस के मामले में यह एसयूवी किसी सुपरकार से कम नहीं है। कलिनन सीरिज-2 सिर्फ 5.2 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ लेती है। इसकी टॉप स्पीड 250 किमी प्रति घंटा है। कार का ग्राउंड क्लीयरेंस सामान्य तौर पर 190 एमएम है, लेकिन एक बटन दबाते ही यह बढ़कर 230 एमएम हो जाता है।
एक साल में तैयार हुई ड्रीम कार
कार ओनर साक्षी सिंह ने बताया कि यह उनकी ड्रीम कार है, जिसे खासतौर पर उनके लिए तैयार किया गया है। यूके में इसे बनने में करीब एक साल का समय लगा और इसके बाद यह इंदौर पहुंची। पूरी कार को कस्टमाइज किया गया है, जिससे यह बिल्कुल यूनिक बन गई है। माणिक सिंह के मुताबिक कार में करीब 3 करोड़ रुपए का कस्टमाइजेशन कराया गया है। नई ड्राइविंग टेक्नोलॉजी के साथ इसमें लो ड्राइविंग मोड दिया गया है, जिससे ड्राइविंग एक्सपीरियंस और स्मूद हो जाता है। कार की बेस कीमत करीब 12 करोड़ रुपए है, लेकिन कस्टमर की पसंद के अनुसार इसकी कीमत बढ़ती जाती है।
इस एसयूवी में स्पेशल एमरल्ड ग्रीन एक्सटीरियर, क्रोम फिनिश व्हील और मेंडेरियन ऑरेंज इंटीरियर दिया गया है। सीटों से लेकर डैशबोर्ड तक हर चीज में बारीकी नजर आती है। इसका रूफ भी खास लाइटिंग और कलर थीम के साथ डिजाइन किया गया है, जो इस कार को चलती-फिरती शाही पहचान बना देता है।
