नए साल में परिवार के साथ घूमने का मन है, लेकिन समय और बजट आड़े आ रहे हैं, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। MP के जबलपुर में एक ऐसा ठिकाना है, जहां पहुंचते ही आपको टाइगर रिजर्व जैसा एहसास होगा। यहां न लंबा सफर है, न भारी खर्च, फिर भी सैर पूरी तरह यादगार बन जाती है। इस खास जगह का नाम डुमना नेचर पार्क है। यह एशिया का दूसरा और देश का सबसे बड़ा शहरी वन माना जाता है। करीब 2 हजार एकड़ में फैला यह जंगल जबलपुर शहर के बेहद पास है, लेकिन अंदर कदम रखते ही शहर का शोर कहीं पीछे छूट जाता है। चारों ओर हरियाली, खुला आसमान और वन्य जीवन का सजीव संसार नजर आता है।
डुमना एयरपोर्ट रोड पर स्थित यह नेचर पार्क शहर से महज 15 किलोमीटर की दूरी पर है। यहां आने वाला हर व्यक्ति हैरान रह जाता है कि क्या वाकई इतना घना जंगल शहर के भीतर हो सकता है। यही वजह है कि न्यू ईयर के मौके पर यहां स्थानीय लोगों के साथ-साथ दूसरे जिलों और राज्यों से भी सैलानी पहुंचते हैं।
खंदारी जलाशय बढ़ाता है आकर्षण
डुमना नेचर पार्क की पहचान बन चुका खंदारी जलाशय इसकी सुंदरता में चार चांद लगाता है। करीब 600 एकड़ में फैला यह विशाल जलाशय चारों ओर से हरे-भरे पेड़ों से घिरा है। पत्थरों पर धूप सेंकते मगरमच्छ यहां आम नजारा हैं। मगरमच्छों की मौजूदगी के कारण यहां बोटिंग नहीं होती, लेकिन जलाशय के चारों ओर घूमना अपने आप में खास अनुभव देता है। इस शहरी वन में घूमते वक्त लेपर्ड, हिरण, चीतल, जंगली सूअर, बारहसिंगा और मोर जैसे जानवर नजर आ जाते हैं। कई बार ये जानवर इतने करीब दिखाई देते हैं कि लगता है जैसे किसी बड़े टाइगर रिजर्व में आ गए हों। यही वजह है कि जिन परिवारों को कान्हा, बांधवगढ़ या पन्ना जाने का मौका नहीं मिल पाता, वे यहां आकर संतुष्ट नजर आते हैं।
न्यू ईयर पर बढ़ती है रौनक
साल भर खुले रहने वाले डुमना नेचर पार्क में वैसे तो हमेशा चहल-पहल रहती है, लेकिन नए साल पर यहां पर्यटकों की संख्या कई गुना बढ़ जाती है। कम टिकट दर (20 से 50 रुपए) और प्राकृतिक माहौल इसे फैमिली आउटिंग के लिए परफेक्ट बनाते हैं। डुमना नेचर पार्क उन लोगों के लिए खास है, जो कम समय और कम बजट में प्रकृति के करीब जाना चाहते हैं। यहां आकर महसूस होता है कि जंगल का असली सुकून पाने के लिए हमेशा दूर जाना जरूरी नहीं, कभी-कभी शहर के बीच ही वो दुनिया छिपी होती है, जो साल की सबसे खूबसूरत शुरुआत बना दे।
