इंदौर एयरपोर्ट पर सोमवार रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब इंडिगो की एक फ्लाइट लेट होने पर एक यात्री आपा खो बैठा। फ्लाइट में सवार हरियाणा निवासी सुनील कुमार सिंह ने न केवल एयरलाइन स्टाफ से तीखी बहस की, बल्कि हालात इतने बिगड़ गए कि सुरक्षा एजेंसियों को हस्तक्षेप करना पड़ा। यात्रियों के बीच डर और असहजता का माहौल बन गया।
एयरलाइन की ओर से दर्ज शिकायत के अनुसार, यात्री नशे की हालत में था और लगातार शोर-शराबा कर रहा था। आरोप है कि उसने विमान में मौजूद दो महिला क्रू मेंबर्स के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया।
इंदौर: जानें पूरा मामला
स्थिति को संभालने की कोशिश में जुटे स्टाफ को भी यात्री ने नहीं बख्शा और बहस को और उग्र बना दिया। बताया गया कि रात करीब 9:15 बजे की फ्लाइट करीब दो घंटे लेट थी। इसी देरी को लेकर यात्री ने आपत्ति जताई और गुस्से में अपशब्द कहने लगा। पास बैठे अन्य यात्रियों के साथ भी उसकी तीखी नोकझोंक हुई। कई यात्रियों ने शांति बनाए रखने की कोशिश की, लेकिन यात्री का रवैया लगातार आक्रामक होता चला गया।
यात्री होता गया उग्र
जब हालात बिगड़ते दिखे तो विमान में मौजूद सिक्योरिटी स्टाफ ने यात्री को शांत कराने का प्रयास किया। हालांकि, समझाइश का उस पर कोई असर नहीं पड़ा। उल्टा, वह बार-बार फ्लाइट से उतारने की मांग करने लगा और धमकाने की भाषा का इस्तेमाल करने लगा। इसी दौरान यात्रियों की चिंता और बढ़ गई। घटना ने गंभीर मोड़ तब ले लिया, जब यात्री ने कथित तौर पर विमान के इमरजेंसी दरवाजे को खोलने का प्रयास किया। यह देखकर क्रू मेंबर्स और यात्रियों में हड़कंप मच गया। सुरक्षा मानकों को देखते हुए तुरंत कार्रवाई की गई और किसी अनहोनी से पहले यात्री को काबू में लिया गया।
जांच जारी
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एयरलाइन और सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत फैसला लेते हुए यात्री को फ्लाइट से उतार दिया। उसे सीधे एरोड्रम थाने ले जाया गया, जहां पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। इंडिगो की ओर से सीनियर सिक्योरिटी एक्जीक्यूटिव शरीफ कुरैशी ने पूरे घटनाक्रम की लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए यात्री को फिलहाल नोटिस देकर छोड़ दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और एयरलाइन स्टाफ व यात्रियों के बयान लिए जा रहे हैं।
