, ,

दूषित पानी पर बयान से भड़की MP सियासत, भोपाल में महिला कांग्रेस का मंत्री निवास पर जोरदार विरोध

Author Picture
Published On: 2 January 2026

इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतों और सैकड़ों लोगों के बीमार पड़ने के मामले में नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के बयान ने MP की राजनीति में भूचाल ला दिया है। एक तरफ सत्तापक्ष बयान को संभालने में जुटा दिखा, तो दूसरी ओर विपक्ष ने इसे संवेदनहीनता करार देते हुए सड़क से सदन तक विरोध तेज कर दिया। मंत्री के बयान के खिलाफ भोपाल में महिला कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मंत्री के सरकारी निवास के बाहर पहुंचीं और विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के दौरान पूरे इलाके में नारेबाजी गूंजती रही, जिससे माहौल पूरी तरह गर्म हो गया।

महिला कांग्रेस की कार्यकर्ता हाथों में घंटियां लेकर मंत्री निवास पहुंचीं और घंटी बजाकर अपना आक्रोश जताया। इस प्रतीकात्मक विरोध के जरिए उन्होंने सरकार और मंत्री दोनों को जगाने का संदेश देने की कोशिश की। प्रदर्शन के दौरान इस्तीफे की मांग के नारे लगातार लगाए गए।

जूते-चप्पलों से जताया गुस्सा

प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस नेत्रियों ने मंत्री की तस्वीर पर जूते-चप्पल बरसाए। यह दृश्य विरोध की तीव्रता को साफ दिखा रहा था। मौके पर कांग्रेस के पूर्व मंत्री पीसी शर्मा और जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना भी मौजूद रहे, जिन्होंने कार्यकर्ताओं का समर्थन किया।

पीसी शर्मा का तीखा हमला

पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने कहा कि इंदौर जैसी दर्दनाक घटना के बाद इस तरह का बयान सत्ता के अहंकार को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं को लगता है कि ऐसे बयानों का कोई असर नहीं पड़ेगा, लेकिन जनता सब देख रही है। उन्होंने मृतकों के परिजन को सरकारी नौकरी और 1 करोड़ रुपए मुआवजे की मांग भी उठाई। जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष संतोष कंसाना ने कहा कि यह प्रदर्शन किसी राजनीति के लिए नहीं, बल्कि पीड़ित परिवारों के सम्मान के लिए है। उनका कहना था कि जब लोग अपनों को खो चुके हों, तब जिम्मेदार पद पर बैठे व्यक्ति का बयान बेहद सोच-समझकर आना चाहिए।

इंदौर की त्रासदी ने झकझोरा प्रदेश

इंदौर में दूषित पानी पीने से अब तक 14 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें छोटे बच्चे भी शामिल हैं। सैकड़ों लोग अलग-अलग अस्पतालों में इलाज करा रहे हैं। इस घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

‘घंटा’ टिप्पणी से बढ़ा विवाद

इसी मामले में मंत्री की ‘घंटा’ वाली प्रतिक्रिया सामने आने के बाद विरोध और तेज हो गया। विपक्ष का आरोप है कि यह टिप्पणी पीड़ितों के दर्द का मजाक उड़ाने जैसी है। इसी वजह से कांग्रेस और महिला कांग्रेस ने मंत्री के इस्तीफे की मांग को और मुखर कर दिया है।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp