, ,

नवंबर तक दौड़ेगा निशातपुरा ROB, 7 ट्रैक के ऊपर से जुड़ेगा भोपाल

Author Picture
Published On: 3 January 2026

भोपाल को इस साल के अंत तक एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है। निशातपुरा रेलवे ओवरब्रिज (ROB) का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और इसे नवंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। करीब 100 करोड़ रुपए की लागत से बन रहा यह आरओबी नए और पुराने शहर के बीच आवागमन को आसान बना देगा। इसके शुरू होने से राजधानी के करीब 9 लाख लोगों को सीधा फायदा मिलने की उम्मीद है।

शनिवार को मंत्री विश्वास सारंग ने निर्माण स्थल पर पहुंचकर आरओबी के काम का जायजा लिया। मौके पर अधिकारियों से प्रगति को लेकर चर्चा हुई और निर्माण से जुड़ी तकनीकी जानकारियां ली गईं। निरीक्षण के दौरान यह भी देखा गया कि काम तय समय-सीमा के अनुसार आगे बढ़े, इसके लिए किन बिंदुओं पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।

पहला ROB

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने बताया कि यह आरओबी देश का पहला ऐसा पुल होगा, जो एक साथ सात रेलवे ट्रैक के ऊपर से गुजरेगा। यह ब्रिज भोपाल रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-1 से शुरू होकर छोला खेड़ापति हनुमान मंदिर तक जाएगा। इतनी बड़ी संरचना होने के कारण इसे इंजीनियरिंग की दृष्टि से भी खास माना जा रहा है। आरओबी के चालू होते ही करोंद, बैरसिया, बैरागढ़ और विदिशा की ओर से आने-जाने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। भोपाल रेलवे स्टेशन तक पहुंचना आसान हो जाएगा और पुराने शहर से भेल क्षेत्र की दूरी भी कम समय में तय हो सकेगी। अरेरा कॉलोनी, शाहपुरा और आसपास के इलाकों के लिए भी यह पुल समय की बचत करेगा।

ऐसे किया गया डिजाइन

इस आरओबी को केवल वर्तमान ट्रैफिक नहीं, बल्कि भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है। अधिकारियों के अनुसार आगे चलकर इसी मार्ग का उपयोग एयरपोर्ट तक आने-जाने के लिए भी किया जा सकता है। इससे भोपाल की यातायात व्यवस्था को एक नई दिशा मिलेगी। निर्माण कार्य में किसी तरह की रुकावट न आए, इसके लिए पीडब्ल्यूडी, रेलवे, एफसीआई और अन्य संबंधित विभागों के बीच समन्वय समिति बनाई गई है। यह समिति समय-समय पर प्रगति की समीक्षा करेगी और अड़चनों को तुरंत दूर करेगी, ताकि तय समय पर ब्रिज जनता के लिए खोल दिया जाए।

मंत्री ने किया निरीक्षण

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने आरओबी की डिजाइन को भी देखा और अधिकारियों से इसकी मजबूती व उपयोगिता पर चर्चा की। मौके पर महापौर मालती राय, वीरेंद्र पाठक सहित कई जनप्रतिनिधि और समर्थक मौजूद रहे। सभी ने उम्मीद जताई कि यह आरओबी भोपाल के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp