भोपाल के अंबेडकर नगर इलाके में जन्मदिन के जश्न के दौरान शुरू हुआ विवाद एक युवक की जान ले गया। देर रात हुई बेरहमी से पिटाई में गंभीर रूप से घायल युवक जतिन पाठक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और मामला पुलिस विभाग से जुड़ा होने के कारण और ज्यादा संवेदनशील हो गया। पुलिस जांच में सामने आया कि मारपीट में शामिल मुख्य आरोपी एक महिला पुलिसकर्मी का पति है, जो पुलिस लाइन में पदस्थ बताई जा रही है। आरोपी सांची पार्लर का संचालक बताया जा रहा है। उसके साथ मौजूद दोस्तों ने भी मिलकर जतिन की जमकर पिटाई की, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई।
जानकारी के मुताबिक जन्मदिन के दौरान आरोपी के हरियाणा से आए दोस्तों के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसा में बदल गया। आरोप है कि जतिन को चारों ओर से घेरकर लाठियों और हाथों से पीटा गया, जिससे वह सड़क पर ही गिर पड़ा।
भोपाल: गुस्से में परिजन
घायल हालत में जतिन को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों में गुस्सा फूट पड़ा। परिजन शव को लेकर सड़क पर बैठ गए और अंबेडकर चौराहे पर चक्का जाम कर दिया। शव रखकर किए गए चक्का जाम के कारण करीब दो घंटे तक अंबेडकर चौराहा पूरी तरह जाम रहा। इस दौरान परिजन महिला पुलिसकर्मी की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। उनका आरोप था कि पुलिस विभाग से जुड़े होने के कारण आरोपियों को बचाने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस ने दिया आश्वासन
मौके पर पहुंचे वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद जाकर चक्का जाम हटाया गया और यातायात बहाल हो सका। पुलिस ने कहा कि कानून सभी के लिए बराबर है। पुलिस ने मनीष, सुनील, राहुल और अमित सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इनमें से एक आरोपी के आर्मी में पदस्थ होने की भी जानकारी सामने आई है। सभी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।
मामले में महिला पुलिसकर्मी का नाम जुड़ने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। परिजन निष्पक्ष जांच और सभी दोषियों पर समान कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की हर कड़ी की जांच की जा रही है और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
