उज्जैन जिले की बड़नगर कृषि उपज मंडी से सोयाबीन से भरा ट्रक चोरी होने की घटना ने व्यापारियों और प्रशासन दोनों को चौंका दिया। मंडी परिसर में खड़ा करीब 280 क्विंटल सोयाबीन से लदा ट्रक रातों-रात गायब हो गया। शुरुआती तौर पर मामला साधारण चोरी का लगा, लेकिन जांच आगे बढ़ी तो अंतरराज्यीय गिरोह की संलिप्तता सामने आई। बड़नगर निवासी नरेंद्र राठी ने पुलिस को बताया कि वे अपने भाई अतुल राठी के साथ फर्म ‘सतीश चन्द्र गिरीश चन्द्र’ के नाम से कृषि उपज का व्यापार करते हैं। 25 दिसंबर को सोयाबीन से भरा ट्रक मंडी स्थित गोदाम के सामने खड़ा किया गया था, जिसे नीमच की एक प्रोटीन फैक्ट्री भेजना था। देर रात ट्रक के चोरी होने की जानकारी मिलते ही पुलिस को शिकायत दर्ज कराई गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बड़नगर थाना प्रभारी अशोक कुमार पाटीदार के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की मदद से आरोपियों का पीछा शुरू किया। जांच का दायरा मध्यप्रदेश से निकलकर राजस्थान तक पहुंच गया। नीमच, जयपुर, चित्तौड़गढ़ और रतलाम में लगातार दबिश दी गई, लेकिन आरोपी हर बार ठिकाना बदलते रहे।
उज्जैन बदनावर में घेराबंदी
लंबी मशक्कत के बाद पुलिस को अहम सुराग मिला। बदनावर क्षेत्र में वंडर सीमेंट फैक्ट्री के पास संदिग्ध ट्रक की सूचना मिली। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर ट्रक को रोका और मौके से दो आरोपियों को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सुरजमल कुमावत (32) और तनिष्क कुमावत (19), दोनों निवासी चित्तौड़गढ़ के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया ट्रक और उसमें भरी 279 क्विंटल सोयाबीन बरामद की। सोयाबीन की कीमत करीब 15 लाख रुपए आंकी गई, जबकि ट्रक की कीमत लगभग 30 लाख रुपए बताई जा रही है। इस तरह कुल 45 लाख रुपए का माल जब्त किया गया है, जिससे व्यापारी वर्ग ने राहत की सांस ली।
अंतरराज्यीय गिरोह की जांच जारी
पुलिस का मानना है कि यह चोरी किसी बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का हिस्सा हो सकती है। आरोपियों से पूछताछ में अन्य साथियों और पहले की घटनाओं को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इससे पहले किन-किन मंडियों को निशाना बनाया गया था। तेजी से की गई कार्रवाई और महंगे माल की बरामदगी से मंडी व्यापारियों में पुलिस के प्रति भरोसा बढ़ा है। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऐसे संगठित गिरोहों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि मंडी क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके।
