,

ग्वालियर में धूमधाम, गुरु गोविंद सिंह जी का 359वां प्रकाशोत्सव शहर में मनाया गया

Author Picture
Published On: 6 January 2026

सिख पंथ के दसवें गुरु, गुरु गोविंद सिंह जी के 359वें प्रकाशोत्सव के अवसर पर ग्वालियर में भव्य उत्सव का आयोजन किया गया। फूल बाग स्थित गुरुद्वारा को रंग-बिरंगी रोशनी और ताजे फूलों से सजाया गया है। सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु गुरुद्वारे पहुंचे और गुरु की महिमा का पाठ कर आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं।

गुरुद्वारा समिति के अध्यक्ष सुख सिंह ने बताया कि मंगलवार को विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। दोपहर 2 बजे तक गुरुद्वारे में कीर्तन दरबार सजा रहेगा। इसके बाद दोपहर 3 बजे फूल बाग गुरुद्वारे से नगर कीर्तन निकाला जाएगा। यह कीर्तन शहर के विभिन्न मार्गों से होकर शाम 9 बजे वापस गुरुद्वारे पहुंचेगा। नगर कीर्तन में भारी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे और रास्ते में कई स्थानों पर इसका जोरदार स्वागत किया जाएगा।

ग्वालियर में रंगारंग प्रदर्शन

नगर कीर्तन के दौरान पंजाब से आई गतका पार्टी अपने युद्ध कौशल का प्रदर्शन करेगी। इसमें पुरुष और महिलाएं दोनों शामिल होंगे। यह प्रदर्शन कीर्तन यात्रा के दौरान शहर के प्रमुख स्थानों पर दिखाई देगा। गतका के करतबों के साथ ही सिख संस्कृति और परंपरा का संदेश भी लोगों तक पहुंचेगा। नगर कीर्तन में सबसे आगे पानी का टैंकर रास्ते का छिड़काव करेगा। इसके पीछे सिख समाज के पुरुष, महिलाएं और बच्चे ‘पांच प्यारों’ और गुरु ग्रंथ साहिब की पालकी के लिए रास्ते की सफाई सेवा करते हुए चलेंगे। शहरवासियों को असुविधा न हो, इसके लिए समाज के स्वयंसेवक ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखेंगे।

हजीरा गुरुद्वारे में भी कार्यक्रम

इसके अलावा, हजीरा स्थित गुरुद्वारे में गुरुसभा के माध्यम से गुरु पर्व मनाया जा रहा है। यहां 31 दिसंबर से लगातार पाठ चल रहा था, जो मंगलवार सुबह 10 बजे संपन्न हुआ। इसके बाद सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक शब्द कीर्तन का आयोजन हुआ, जिसमें गुरु महिमा का बखान किया गया और श्रद्धालुओं ने आस्था के साथ भाग लिया।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp